टड़ियावां। पुलिस ने दो सगे भाई समेत तीन चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी के 11 इन्वर्टर समेत काफी सामान बरामद हुआ है। घटनाओं का खुलासा टड़ियावां थाने की पुलिस टीम ने किया है। गोपामऊ निवासी सलीम खां ने बीती 24 दिसंबर को टड़ियावां थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। बताया था कि पिहानी रोड पर उनकी फैक्टरी है। 23 दिसंबर की रात चोरों ने फैक्टरी से सामान चोरी कर लिया। पास में खड़े एक वाहन से 11 इन्वर्टर भी चोरी किए जाने की शिकायत की थी। घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने पुलिस की तीन टीमें गठित की थीं। सीओ हरियावां अजीत चौहान ने बताया कि मामले में जांच के दौरान कुछ अहम सुराग मिले थे। इसके आधार पर पिहानी नगर के मोहल्ला निजामपुर निवासी वीरेंद्र उर्फ आशीष, टड़ियावां थाने के गोपामऊ निवासी आकाश और उसके भाई अनूप को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पुलिस ने 11 इन्वर्टर, प्लास्टिक की छह बोरियों में भरा धान, सिंचाई के पांच पाइप, एक छोटा हैंडपंप और 14हजार 400 रुपये बरामद किए हैं। चोरों ने 29 अगस्त को बर्रा सराय में शांति देवी और 28 जून को लालपुर भैंसरी निवासी रामदेवी के मकानों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। यहां से तीनों को जेल भेज दिया गया।