अलग-अलग क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में तीन युवकों की मौत हो गई। वहीं छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। शव को पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उन्नाव के बांगरमऊ के चिनगर पुरवा निवासी किशन (20) पुत्र राधेश्याम, मल्लावां कस्बा निवासी रघुवीर के पुत्र बबलू की शादी में शामिल होने बाइक से गंज मुरादाबाद आए थे। वह गुरुवार रात में वह बाइक से वापस मल्लावां आ रहे थे। कटरा-बिल्हौर मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।
इससे किशन की मौत हो गई। बताया कि हादसे के दौरान किशन हेलमेट नहीं लगाए हुआ था। वहीं पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद लोगों ने कहा कि यदि किशन हेलमेट लगाए होता तो उसके सिर में चोट नहीं आती और उसकी जान बच जाती।
घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनोें ने बताया कि वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था।
इधर, सीतापुर के थाना मिश्रिख निवासी के बैरमपुर निवासी लवकुश राठौर (20) पुत्र सुखसागर अपने गांव के ही सत्येंद्र (18) पुत्र राम चंद्र और दीपक (20) पुत्र साहब लाल के साथ बाइक से एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने आ रहे थे। रास्ते में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, उनको इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक चालक लवकुश हेलमेट नहीं लगाए था, यदि हेलमेट लगा होता तो सिर पर चोट न आती।
वहीं शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहनिया निवासी बृजेश (22) पुत्र ओम प्रकाश, बेहटा गोकुल निवासी रिंकू (30) पुत्र राजेंद्र और मल्लावां के भगवंत नगर निवासी रविंद्र (20) पुत्र जगन्नाथ सड़क हादसों में घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल मेें भर्ती कराया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के बाबूपुरवा गांव के निकट ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा और मृतक के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के चिरंजूपुरवा निवासी रामसागर का पुत्र सुसुम (18) व जगदीश का पुत्र रामधीर शुक्रवार दोपहर 3:30 बजे घर से बाइक द्वारा बिलग्राम जा रहे थे। बाबूपुरवा गांव के निकट सामने से आ रही एक सरिया लदी ट्रैक्टर ट्राली ने टक्कर मार दी।
इस दुर्घटना में सुसुम की मौके पर मौत हो गई। वही उसका साथी रामधीर घायल हो गया। पुलिस ने घायल को तत्काल स्वास्थ्य कें द्र भेजा। इसी दौरान उनके परिजन मौके पर पहुंच गए और शव देखते ही कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम को भेजा।
कोतवाल आरपी सोनकर ने बताया कि घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया था लेकिन जानकारी कर ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज होगी।