बारात के काफिले में शामिल एक कार के दुर्घटनाग्रस्त
होने से इस पर सवार दूल्हा के मौसेरे भाई की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य
रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गए। उधर, बाइक पर ट्रक के टक्कर मारने से
युवती की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं देहात क्षेत्र में करंट से झुलसे
युवक की मौत हो गई।
कस्बे के
नागर निवासी मुईनुद्दीन अंसारी के पुत्र नफीसुद्दीन का विवाह बिलग्राम के
मोहल्ला सैयदबाड़ा निवासी अब्दुल हसन की पुत्री रूबी के साथ होना था।
शनिवार को बारात पिहानी से बिलग्राम रवाना हुई थी। रास्ते में सुरसा
क्षेत्र के मलिहामऊ के पास बारात में शामिल वैगनआर अचानक युवक को बचाने
में बेकाबू होकर पलट गई।
जिससे वैगनआर पर सवार दूल्हे का मौसेरा
भाई फिरोज (34) पुत्र सिद्दीक, उसकी पत्नी साकिया (30), पुत्री मनाल (5),
भाई शुऐब उर्फ सिंबुल (28), बहनोई जावेद (40) और इरफान (18) पुत्र
खलीकुर्रहमान घायल हो गए। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां
पर चिकित्सकाें ने फिरोज को मृत घोषित कर दिया।
अन्य घायलों को गंभीर हालत
से ट्रामा सेंटर लखनऊ को रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद सादगी के साथ
केवल निकाह की रस्म अदा कर दी गई। उधर, संडीला के मोहल्ला सिद्धार्थ नगर
निवासी नीलम (28) अपने भाई के साथ जुगराजपुर गांव जा रही थी।
शनिवार को
सुबह करीब नौ बजे जब वह जगसरा गांव के पास ईट भट्ठे के सामने पहुंची, तभी
तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक सहित दोनों
लोग गिर गए। नीलम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि भाई गंभीर रूप से घायल
हो गया। वहीं मौका पाकर चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।
सूचना पर पहुंची
पुलिस ने 108 एंबुलेंस बुलवाकर नीलम को सीएचसी भिजवाया, जहां डाक्टर ने उसे
मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल भिजवाया। उधर,
देहात कोतवाली क्षेत्र में करंट से झुलसे युवक की उपचार के दौरान मौत हो
गई।
ग्राम रिक्खा पुरवा निवासी बुधई उर्फ बद्रीलाल (22) पुत्र शिव चरन 28
मार्च को खेत पर गया था। रास्ते में टूटे पड़े हाईटेंशन बिजली के तार की
चपेट में आने से वह झुलस गया था। उसे इलाज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया
गया। जिसकी शनिवार की दोपहर उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना से परिवार में
कोहराम मच गया।