संवाद न्यूज एजेंसी
पिहानी। जमुही मार्ग पर बाइकों में हुई भिड़ंत में एक बाइक पर सवार गर्भवती समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें सीएचसी पर भर्ती कराया गया। जहां से गर्भवती को हरदोई रेफर कर दिया गया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जमुही निवासी रमाकांत की पत्नी सोनी देवी (22) गर्भवती हैं। वह शुक्रवार को पिहानी से अल्ट्रासाउंड करवा कर वापस गांव जा रही थी। बाइक पति रमाकांत चला रहे थे। सबसे पीछे गांव की आशा सरोजनी (40) पत्नी राम विलास निवासी लीलापुरवा मजरा जमुही बैठीं थीं।
जमुही मोड़ के पास गांव की तरफ से आ रही दूसरी बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे तीनों घायल हो गए। मौका पाकर बाइक वाले भाग निकले। तीनों को सीएचसी लाया गया, जहां से चिकित्सक ने आठ माह की गर्भवती सोनी को हरदोई रेफर कर दिया।