संडीला/बेहंदर। जिले के दो स्थानों पर सोमवार को हुए सड़क हादसों में दंपति समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ रोड स्थित ग्राम बेगमगंज के पास सोमवार की सुबह करीब 10 बजे हरदोई की ओर से आ रही रोडवेज बस ने सामने से आ रही कार में टक्कर मार दी। कार में सवार लखनऊ निवासी रजत पांडे (28) व उनकी पत्नी (25) घायल हो गए।
पुलिस ने दोनों को सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद रिलीव कर दिया। रजत ने बताया कि वह दोनाें लोग लखनऊ से नैनीताल जा रहे थे। उधर, मौका पाकर चालक बस लेकर फरार हो गया। कोतवाल डीपी सिंह ने बताया कि घटना की तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज होगी।
उधर, कासिमपुर थाना क्षेत्र के सरेहरी निवासी साहब लाल यादव का पुत्र महावीर यादव (40) सोमवार को खेत से लौट रहा था। पीछे से एक कार ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में महावीर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे थाना इंचार्ज भानु प्रताप ने एंबुलेंस को सूचना दी लेकिन देर होने पर उन्होंने अपनी गाड़ी से घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। कोतवाल के निर्देश पर पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोक चालक को हिरासत में ले लिया। कोतवाल ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज होगी।