संडीला में लगी आग के बाद स्वाहा गृहस्थी को दिखाता पीड़ित
- फोटो : amarujala
संडीला। कोतवाली क्षेत्र के भरीघाना गांव में मधुमक्खी का छत्ता छुड़ाते समय तीन लोगों के घर में आग लग गई जिससे तीनों की गृहस्थी जलकर राख हो गई।
गांव निवासी श्री कृष्ण के घर के बाहर मधुमक्खी का छत्ता लगा था। जिसे परिवार के बच्चे भगाने की कोशिश कर रहे थे।
गांव के किसी व्यक्ति ने बताया कि लकड़ी में पलीता बांध कर मिट्टी का तेल डालने से मधुमक्खी भाग जातीं हैं।
उसके बाद बच्चों ने लंबी लकड़ी में कपड़ा लपेट कर मिट्टी का तेल डाल कर आग लगाई और मधुमक्खी भगाने लगे तभी श्री कृष्ण के घर पर पड़े छप्पर पर आग लग गई।
जिसको बुझाने के लिए आस-पास के लोग जब तक एकत्रित हुए तब तक आग श्री कृष्ण के अलावा मदारी व राजेश के घरों में पहुंच गई और तीनों के घर जलने लगे।
सूचना पर दमकल गाड़ी वहां जब तक पंहुची तब तक ग्राम वासियों ने आग बुझा दी थी। इस अग्निकांड से तीनों की गृहस्थी जलकर राख हो गई।
श्री कृष्ण के घर में लगा बिजली का मीटर भी जल गया। अभी तक नुकसान का अनुमान नहीं लगाया जा सका है।
एसडीएम एपी सिंह ने लेखपाल और कानूनगो को जायजा लेने मौके पर भेजा है। ग्राम प्रधान मूल चंद्र ने पीड़ितों को 5000 रुपये की आर्थिक मदद दी।
श्री कृष्ण और राजेश के यहां जल्दी ही बेटियों का विवाह होने वाला था। आग लगने से शादी के लिए खरीदा सामान आग में जल गया।