फोटो-35- लक्ष्मी। फाइल फोटो
हरदोई। शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में नवजात की मौत के तीन घंटे बाद प्रसूता की भी मौत हो गई। परिजनों ने आक्रोश जताते हुए चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया। हंगामे की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामला शांत कराया।
पाली थाना क्षेत्र के भगवंतपुर निवासी सुशील की पत्नी लक्ष्मी (24) गर्भवती थी। सुशील ने बताया कि शनिवार रात प्रसव पीड़ा होने पर लक्ष्मी को शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया था। शनिवार आधीरात के बाद ऑपरेशन से लक्ष्मी ने पुत्र को जन्म दिया। रविवार दोपहर दो बजे नवजात की मौत हो गई। इस पर सुशील अपने परिजनों के साथ नवजात का अंतिम संस्कार करने चला गया। दावा है कि वापस आने पर शाम सवा चार बजे लक्ष्मी के आईसीयू में एडमिट होने की जानकारी मिली।
कुछ देर बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इसी बीच लक्ष्मी की प्राइवेट अस्पताल में ही मौत हो गई। परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए शोर शराबा करना शुरू कर दिया। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि शव कब्जे में लिया है। अभी परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की है। परिजन तहरीर देंगे तो उसी आधार पर जांच और कार्रवाई होगी।
फोटो-35- लक्ष्मी। फाइल फोटो