मल्लावां (हरदोई)। मंगलवार शाम को खेत पर काम रहे तीन लोगों पर जंगली जानवर ने हमला कर दिया। हमले से एक महिला समेत तीन किसान गंभीर रूप से जख्मी हो गए। महिला को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। दो लोगो ने निजी चिकित्सक से इलाज कराया है।
कोतवाली क्षेत्र के बगदाद गांव निवासी बबलू राठौर (30) ने बताया कि वह खेत पर चारा काट रहे थे। इसी दौरान किसी जंगली जानवर ने उन पर हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गए। बृजेश मिश्रा (32) ने बताया कि वह खेत में खाद डाल रहे थे तभी जंगली जानवर ने हमला कर घायल कर दिया। दोनों घायलों को परिजनों ने निजी चिकित्सक के पास भर्ती कराया है।
वहीं, क्षेत्र के ही ईश्वरपुर साईं निवासी अलका (38) पत्नी रामचंद्र खेत में काम कर रही थीं। उन्होंने बताया कि किसी जंगली जानवर ने उन पर हमला बोल दिया। इससे वह घायल हो गईं। महिला ने बताया कि जानवर का रंग लाल और मुंह काला दिखाई दे रहा था। जंगली जानवर के हमलों को लेकर ग्रामीणों में भय है।
वन दरोगा अवनीश कुमार ने बताया कि जानकारी मिली है। टीम के साथ जांच की गई है। खेतों में सियार के पग चिह्न मिले हैं।