- सहकारिता विभाग ने समितियों को सुदृढ़ बनाने की दिशा में शुरू किया काम
- विभाग ने शासन को भेजा प्रस्ताव, रुपये मिलते ही कराया जाएगा काम
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। सहकारिता को बढ़ावा देने की मंशा से सरकार ने सहकारी समितियों के भवनों की दशा और दिशा सुधारी जाएगी। समितियों को सुदृढ़ बनाने की दिशा में शुरू हुए काम में जिले की 30 सहकारी समितियों को चुना गया है। उन समितियों के भवनों की मरम्मत और अन्य काम कराए जाने पर करीब औसतन 10 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। विभाग ने चयनित समितियों के प्रस्ताव शासन को भेज दिए हैं।
सहकारिता को बढ़ावा देने और किसानों तक कृषि संसाधनों को समय से उपलब्ध कराने के लिए सहकारी समितियों को सुदृढ़ बनाया जाने की दिशा में काम शुरू किया गया है। सहकारी समितियों के निष्क्रिय होने के उनके भवनों का भी रख-रखाव न होने से भवन जर्जर होने लगे हैं। जिससे वह सुरक्षा के लिहाज से ठीक नहीं रह गए हैं।
इधर शासन ने उर्वरक वितरण में सहकारी समितियों को प्राथमिकता दी है, जिससे समितियों पर किसानों की भी संख्या बढ़ी है। सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर बृहस्पतिवार को जिले के भ्रमण के दौरान बताया था कि सहकारी समितियों के भवनों को सुदृढ़ बनाए जाने के लिए औसतन 10 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। जिससे भवनों की मरम्मत और अन्य कामों को कराया जा सकेगा।
वर्जन
सहकारिता आयुक्त के निर्देश पर जिले में 30 सहकारी समितियों को मरम्मत आदि के लिए चयनित किया गया है। चयनित समितियों की सूची भी आयुक्त को भेज दी गई है। समितियों के भवनों पर आने वाले खर्च के अनुसार रुपये मिलने की उम्मीद है। रुपये मिलते ही समितियों की तरफ से ही काम कराया जाएगा।- आशीष कुमार मेहता, सहायक आयुक्त सहकारिता