हरदोई। सांडी थाना क्षेत्र के ज्ञानपुरवा के पास बाइक सवार तीन भाइयों को शनिवार रात किसी वाहन ने टक्कर मार दी। घटना में एक भाई की मौत हो गई। मौसेरे भाई समेत दो लोग घायल हो गए। कचहरी में तारीख करने गए सगे भाई वापस आते समय मौसेरे भाई को साथ लेकर गांव जा रहे थे।
सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र के भौंरहा मदनापुर निवासी आशीष (32) खेती और मजदूरी करते थे। भाई राजवीर ने बताया कि शनिवार को आशीष सबसे बड़े भाई रघुवीर (35) के साथ न्यायालय में लंबित मारपीट के मामले में पेशी पर हरदोई गए थे। बीते 23 अप्रैल को मौसा नत्थू का निधन हो गया था। इस कारण कचहरी से वापस आते समय दोनों भाई नत्थू के घर कौथेलिया चले गए थे। वहां से नत्थू के पुत्र शशी कपूर उर्फ पप्पू (28) के साथ शाम को वापस गांव आ रहे थे। एक ही बाइक पर सवार तीनों युवक हेलमेट नहीं लगाए थे।
ज्ञानपुरवा के पास किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। राहगीरों की मदद से तीनों को सीएचसी और फिर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां आशीष की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिवार में पत्नी पूनम और दो बेटे हैं। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज प्रशासन की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। सीओ बिलग्राम रवि प्रकाश सिंह ने बताया कि घटना संज्ञान में है। परिजनों से शिकायत लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। टक्कर मारने वाले वाहन के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
फोटो-26- आशीष। फाइल फोटो
फोटो-26- आशीष। फाइल फोटो