संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा में कम नामांकन वाले विद्यालयों की मान्यता पर खतरा मड़राने लगा है। जिले में कम छात्र संख्या वाले विद्यालयों की समीक्षा शुरू की गई है। समीक्षा के उपरांत विद्यालयों की मान्यता समाप्ति की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
माध्यमिक शिक्षा परिषद से संबंद्ध जिले में 632 विद्यालय संचालित हैं। वर्तमान शिक्षा सत्र में इन विद्यालयों में कक्षा नौ से 12 तक एक लाख 94 हजार 986 विद्यार्थी पंजीकृत है। इनमें कक्षा नौ में 51,965, कक्षा 10 में 54,459, कक्षा 11 में 47,400 और कक्षा 12 के 41,162 विद्यार्थी शामिल हैं।
बोर्ड परीक्षा में विगत वर्ष की तुलना में छात्रों की संख्या कम हो गई है। वित्तविहीन विद्यालयों में भी लगातार छात्र संख्या में गिरावट आई है। हाल यह है कि कई विद्यालय एक सैकड़ा के अंदर रह गए है। विभागीय आंकड़ोंं की मानें तो 16 विद्यालय ऐसे हैं, जिनमें बोर्ड परीक्षा के लिए एक भी विद्यार्थी का पंजीकरण नहीं कराया गया है।
वहीं करीब दो दर्जन विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या 20 से भी कम है। विभाग की ओर ऐसे सभी विद्यालयों की समीक्षा शुरू की गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक बाल मुकुंद प्रसाद ने बताया कम छात्र संख्या वाले विद्यालयों का स्थलीय सत्यापन किया जाएगा और छात्र संख्या मानक के अनुरूप न होने पर उनकी मान्यता प्रत्याहरण व अन्य विभागीय कार्रवाई के लिए परिषद को लिखा जाएगा।