हरदोई। शुक्रवार से शुरू हुए विधानसभावार फोटोयुक्त मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यक्रम में सीएसएन कॉलेज में मतदाता जागरूकता शिविर लगाया गया। जिला निर्वाचनअधिकारी ने कहा कि एक जनवरी 2024 को 18 साल होने वाले विद्यार्थी स्वस्थ लोकतंत्र में भागीदारी के लिए मतदाता बनें।
जिलाधिकारी एमपी सिंह ने विद्यार्थियों को लोकतंत्र में मताधिकार का महत्व बताया। कहा कि मताधिकार के माध्यम से क्षेत्र के जनप्रतिनिधि का चुनाव होता है। चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के चयन के लिए अब तो आयोग ने इसमें से कोई नहीं का भी विकल्प दिया है। कहा कि विद्यार्थियों को मतदाता बनने के लिए हाईस्कूल के अंकपत्र व एक फोटो की जरूरत होगी। फार्म-6 भरकर कॉलेज में ही नोडल अधिकारी के पास जमा करना होगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका सिंह ने कहा कि मतदाता पहचान पत्र के लिए युवाओं में विशेष ललक रहती है। सदर एसडीएम स्वाति शुक्ला ने बताया कि पुनरीक्षण कार्यक्रम में 9 दिसंबर तक पंजीकरण अभियान चलेगा। विशेष अभियान के लिए तिथियां भी तय की गईं हैं।