पाली (हरदोई)। पाली थाने से कुछ ही दूरी पर चोरों ने मोबाइल की दुकान में 14 इंच की नकब लगाकर लाखों रुपये कीमत के मोबाइल, 50 हजार रुपये चोरी कर लिए। घटना की जानकारी पर फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जरूरी नमूने लिए। घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर एक खाली डिब्बा बरामद हुआ है।
मोहल्ला मलिकाना निवासी हामिद उर्फ शानू की मोबाइल फोन की दुकान मुख्य बाजार में थाने के पास है। दुकान के पीछे प्राथमिक स्कूल है। सोमवार की रात चोरों ने स्कूल की तरफ से दुकान के पीछे की दीवार में नकब लगा दी। सुबह साढ़े नौ बजे दुकान खोलने पर शानू को अंदर सामान बिखरा मिला। पीछे की दीवार में नकब लगी मिली और दुकान से मोबाइल फोन व नकदी गायब थी।
दुकानदार के मुताबिक 10 लाख रुपये के मोबाइल, 50 हजार रुपये और एक टैबलेट चोरी हुआ है। प्रभारी निरीक्षक एके राय ने घटनास्थल पर जाकर जांच की। पुलिस को एक खंडबर डाक बंगले की झाड़ी में मोबाइल फोन का खाली डिब्बा मिला है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि घटना से संबंधित अहम सुराग मिले हैं। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
... चाय की गुमटी से भी हुई चोरी
पाली। मोहल्ला मालिकाना में आशू गुप्ता की चाय की गुमटी भी है। यहां कुछ खाद्य सामग्री भी बिकती है। रात में चोरों ने इस गुमटी को भी निशाना बना लिया। आशू के मुताबिक लगभग पांच हजार रुपये का सामान चोरों ने चोरी किया है। (संवाद)