भरावन (हरदोई)। अतरौली थाना क्षेत्र में मिश्राखेड़ा चौराहा पर स्थित पांच दुकानों के शटर तोड़कर चोरों ने वारदात को अंजाम दे दिया। घटना की जानकारी पर फॉरेंसिक, सर्विलांस टीम के साथ ही डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी और सीओ संडीला ने भी घटनास्थल की जांच की।
मिश्राखेड़ा निवासी अखिलेश दीक्षित की चौराहे पर स्थित बाजार में किराना की दुकान है। चोरों ने इस दुकान को निशाना बना लिया। 40 हजार रुपये चोरी कर लिए। मिश्राखेड़ा के ही बीरेंद्र दीक्षित की इलेक्ट्रानिक की दुकान से 42 हजार रुपये चोरों ने चुरा लिए। हरिगवां निवासी रवि की कपड़ों की दुकान भी मिश्राखेड़ा चौराहा पर है। यहां से चोरों ने 57 हजार रुपये पार कर दिए।
मिश्राखेड़ा निवासी संजय दीक्षित की चोकर की दुकान से 33 हजार रुपये और गौरा निवासी ब्रज कुमार यादव की किराना की दुकान से 35 हजार रुपये चोरी कर लिए। दुकानों के पीछे की ओर लगभग सौ मीटर दूर संजय, अखिलेश और बीरेंद्र की दुकानों की गुल्लक माइनर में पड़ी मिली।
घटना की जानकारी पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी नृपेंद्र, सीओ संडीला शिल्पा कुमारी ने भी मौके का जायजा लिया। प्रभारी निरीक्षक दिलेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
लाइट आती नहीं इसीलिए नहीं लगे सीसीटीवी कैमरे
अखिलेश दीक्षिति, मनीष दीक्षित आदि ने बताया कि मिश्राखेड़ा चौराहा पर लगभग सौ छोटी बड़ी दुकाने हैं। बाजार के पास से ही हाईटेंशन बिजली की लाइन निकली है। कुछ ही दूरी पर ट्रांसफार्मर भी है, लेकिन बिजली नहीं आती है। कई बार इसकी शिकायत भी की गई, लेकिन सुधार नहीं हुआ। बिजली नहीं आती है इसलिए सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगवाए।