कछौना। कछौना कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान के मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। चोर जेवर व कपड़े चोरी कर ले गए। जेवरों के खाली डिब्बे घर से आधा किलोमीटर की दूरी पर खेत में पड़े मिले।
कुकुही के मोहल्ला सरजूनगर गाजू रोड निवासी मुनव्वर खेती करते हैं। शनिवार रात वह अपने परिवार के साथ सोए थे। रविवार सुबह सोकर उठे तो कमरों के ताले खुले हुए थे और सामान अस्त व्यस्त था। एक कमरे में रखे बक्सों के ताले टूटे पड़े थे और सारा सामान गायब था। मुन्नवर का कहना है कि उसने कमरों की चाबी अपनी तकिया के नीचे रखी थी। चोर दीवार फांदकर मकान के अंदर घुस आए और तकिए के नीचे से चाबी निकालकर घटना को अंजाम दे दिया। पांच तोला सोने के जेवर, आधा किलो चांदी के जेवर, दो मोबाइल फोन और कुछ कपड़े चोर उठा ले गए। प्रभारी निरीक्षक कछौना आनंद नारायण त्रिपाठी ने बताया कि घटना संज्ञान में है सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। तकिए के नीचे से चाबी उठ जाने और मुनव्वर को पता न लगने को लेकर चर्चाओं का दौर तेज है।