लाखों का माल व नकदी पार कर गए चोर
- चोरों ने शराब ठेके और कोल्ड ड्रिंक एजेंसी का तोड़ा शटर
संवाद न्यूज एजेंसी
पिहानी। शुक्रवार रात चोरों ने बियर और अंग्रेजी शराब के साथ ही शीतल पेय एजेंसी का ताला तोड़ कर लाखों का माल व नकदी चुरा ली। दुकान मालिकों ने चोरी की जानकारी पुलिस को दी है।
शराब व्यवसायी मोहल्ला मुरीदखानी निवासी रामप्रकाश ने बताया कि बस स्टैंड पर उसकी बियर व पड़ोस में पत्नी आशा गुप्ता के नाम से अंग्रेजी शराब की दुकान है। शुक्रवार रात चोर उसकी बियर की दुकान में साइड की दीवार का शटर तोड़ कर दोनों दुकानों से तीन पेटी बियर, स्कैनर, कैमरे की डीवीआर, हार्ड डिस्क और 66,320 रुपये नकद एवं अंग्रेेजी शराब की दुकान से कई बोतलें और 1,26,970 रुपये नकद चुराकर ले गए। सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो वारदात की जानकारी हुई।
वहीं मोहल्ला मीरसराय निवासी वासिद खां ने बताया कि हरदोई रोड स्थित उसकी शीतल पेय कंपनी की एजेंसी है। रात में चोर उनकी दुकान का शटर तोड़ काउंटर की रैक में रखे 35 हजार रुपये चोरी करके ले गए। कोतवाल वेणी माधव त्रिपाठी ने बताया कि मौके जाकर जांच की गई है। यह मामला संदिग्ध नजर आ रहा है।