पाली कस्बा में बरगद तिराहा के पास संचालित रुई की दुकान में बुधवार रात चोरों ने धावा बोल दिया। आहट पर दुकानदार के टोकने पर चोरों ने लाठी-डंडो से पीटकर पैर तोड़ दिया। चोर उसे मरणासन्न हालत मेें देख मौके से फरार हो गए। पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। डाक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पाली कस्बा के मोहल्ला काजी सराय निवासी सज्जन खां (42) पुत्र सल्लू रुई धुनाई का काम करता है। सज्जन के मुताबिक कस्बा के बरगद तिराहा के पास शाहाबाद-रुपापुर मार्ग पर उसकी दुकान है।
रोजाना वह दुकान पर ही सोता है। बुधवार की रात वह दुकान पर सो रहा था। देर रात चोर रुई उठाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान सज्जन की आंख खुल गई। तीन युवकों को दुकान में खड़ा देख उसने टोक दिया, जिस पर तीनों ने उसकी लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। इसके बाद उसे मरणासन्न समझ मौके से फरार हो गए।
होश आने पर पीड़ित ने पुलिस और परिजनों को फोन कर सूचना दी। पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पीड़ित के मुताबिक तीन चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है, जिसमें एक युवक को उसने पहचान लिया है।
एसओ धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया चोरों द्वारा पीटने का आरोप निराधार है। पड़ोसियों से विवाद होने पर मारपीट में चोटें आईं हैं। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।