संवाद न्यूज एजेंसी
शाहाबाद। हरदोई-शाहजहांपुर हाइवे पर कोतवाली क्षेत्र के उधरनपुर के पास नकाबपोश चोरों ने सराफा, किराना व अंग्रेजी शराब की दुकान का शटर तोड़कर चोरी कर ली। चोरों ने घटना के अंजाम देने के बाद दुकानों से कुछ दूरी पर नमकीन के साथ अंग्रेजी शराब पी। जटपुरा रोड पर जाते समय लोगों ने देख लिया और पुलिस को सूचना भी दी। पुलिस का दावा है कि उसने चोरों का पीछा किया, लेकिन चोर अंधेरे का फायदा उठाकर गन्ने के खेत में भागने में सफल रहे।
कोतवाली क्षेत्र के उधरनपुर निवासी अशोक मिश्रा की हाइवे के किनारे नारायण ज्वैलर्स नाम से दुकान है। जहां पर उनका पुत्र जयनरायन ऊर्फ शानू बैठता है। वहीं पास में गांव निवासी रामनिवास की किराना की दुकान है व तीसरी दुकान अंग्रेजी शराब की है। उधरनपुर निवासी मनमोहन मिश्रा सेल्समैन हैं। तीनों लोग गुुरुवार की शाम को अपनी-अपनी दुकान बंद कर घरों को चले गए थे।
देर रात में चार नकाबपोश चोर दुकान पर पहुंचे और दुकानों के शटर तोड़ दिए। सर्राफा कारोबारी जयनरायन ने बताया उनकी दुकान से दो लाख रुपए के जेवर, सीसीटीवी का डीवीआर, दो हजार की नगदी चोरी हुई है। किराना दुकानदार रामनिवास ने बताया कि उनकी दुकान से नमकीन चोरी हुई है, वहीं सेल्समेन मनमोहन ने बताया उनकी दुकान से दो शराब की बोतल व 39 हजार रुपये चोरी हुए हैं।
कोतवाल दिलेश कुमार ने बताया कि अशोक कुमार की तहरीर पर चोरी के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। चोरों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।