फोटो 41: मल्लावां के मगरहा गांव में अधबनी पानी की टंकी। संवाद
फोटो 42: गांव में भूमिगत पाइपलाइन डालने के बाद सड़क की हालत। संवाद
फोटो 43: दलेलनगर गांव में क्षतिग्रस्त मार्ग। संवाद
फोटो 44: सुधीर मिश्र। संवाद
फोटो 45: राहुल सिंह। संवाद
-भूमिगत पाइपलाइन बिछाने के लिए गांवों की सड़कों को खोदने के बाद बनाने की गई औपचारिकता
-मल्लावां और बेहटागोकुल क्षेत्र के गांवों के ग्रामीणों को क्षतिग्रस्त मार्गों से दिक्कतें
-निर्माणाधीन पानी की टंकी और ग्रामीणों को नहीं मिली जलापूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। ग्रामीणों को घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए शुरू की गई जल जीवन मिशन योजना कई गांवों में राहत देने की जगह लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई। भूमिगत पाइपलाइन बिछाने के लिए गांवों की सड़कों-गलियारों को खोद दिया गया लेकिन काम पूरा होने के बाद उनकी मरम्मत के नाम पर औपचारिकता की गई।
मल्लावां और बेहटागोकुल क्षेत्र के कई गांवों में क्षतिग्रस्त सड़कों से ग्रामीणों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, कई जगह पानी की टंकियों का निर्माण भी अब तक पूरा नहीं हो सका है। गांवों में पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कों की खोदाई की गई थी, इसके बाद मलबा भरकर रास्तों को समतल करने की कोशिश की गई, लेकिन सड़कें पहले जैसी स्थिति में नहीं आ सकीं। कहीं सड़कें धंस गई हैं तो कहीं गड्ढे बन गए हैं। इससे ग्रामीणों, राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
एक साल पहले खोदी गई सड़क अब न हो पाई दुरुस्त
बेहटागोकुल। ग्रामीण क्षेत्रों में नल से घरों तक पानी की आपूर्ति के काम ने लोगों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं। ग्राम दलेलनगर में राहुल सिंह और दिलीप सिंह के मकान के पास पाइपलाइन डालने के बाद मार्ग को सही ढंग से दुरुस्त नहीं कराया गया। उखड़ी पड़ी सड़क से लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। राहुल सिंह ने बताया कि सड़क को खोदकर पानी की पाइपलाइन डाली गई थी, उसके बाद सही से सड़क की मरम्मत नहीं हुई। एक साल से अधिक हो गया है और सड़क उखड़ी है। रात में आने-जाने में बहुत दिक्कत होती है।
कनेक्शन न जलापूर्ति, तीन साल से सड़कों की हालत खराब
मल्लावां। जल जीवन मिशन के तहत तीन साल से बन रही पानी की टंकी का काम अधूरा है। इसकी वजह से ग्रामीणों को पेयजल मुहैया नहीं हो पा रहा है। क्षेत्र के गांव मगरहा निवासी सुधीर कुमार, संजय कुमार, रतीभान सिंह ने बताया कि गांव में पानी टंकी का निर्माण करीब तीन साल पहले शुरू हुआ था। जो अब भी अधूरा है। बताया कि ठेकेदार ने गांव में पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कों को खोदकर पाइपलाइन डालकर सड़क की मरम्मत नहीं कराई है। ग्रामीणों ने अपने-अपने घरों के सामने खुद सड़क को मजबूरी में ठीक किया है। संजय कुमार ने बताया कि उनके घर के आसपास पाइपलाइन का अब तक कनेक्शन नहीं दिया गया है। जबकि गांव में अन्य स्थानों पर पानी का कनेक्शन दिया गया है। निवर्तमान प्रधान बीना देवी ने बताया कि टंकी निर्माण का काम अधूरा है। इसकी शिकायत वह डीएम से करेंगी।
पानी की टंकी को बनवाया जा रहा है। भूमिगत पाइपलाइन डालने के बाद सड़कों को पुरानी सड़क की भांति बनवाए जाने की जिम्मेदारी भी संबंधित फर्म की है। यदि गांवों में ऐसी स्थिति हैं तो दिखवाया और काम कराया जाएगा।-मनीष गंगवार, अधिशासी अभियंता, जल निगम ग्रामीण