हरदोई। सुरसा थाना क्षेत्र में चोरी के माल के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में हिस्ट्रीशीटर को उसके साथियों ने ईंट से कूंच कर हत्या कर दी थी। इसका शव 11 फरवरी को मिला था। पुलिस ने सोमवार को दो आरोपियों को धर दबोचा। उनका एक साथी फरार है।
पुलिस अधीक्षक अनीस अहमद अंसारी ने सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में बताया कि हिस्ट्रीशीटर बलकार उर्फ लोनिया निवासी बीरम पट्टी लोनार कई आपराधिक मामलों में वांछित था। उसके साथी राम निवासी रैदास निवासी डामा थाना बिलग्राम और लाखन रैदास निवासी बंदरिया थाना सुरसा और एक अन्य साथी के साथ लोनार थाना क्षेत्र में एक ट्यूबवेल के पास से सोलर लाइट की प्लेटें चोरी की थी।
उसके हिस्से को लेकर उनमें विवाद हो गया। फरार चल रहे आरोपी ने बलकार पर ईंट से प्रहार कर दिया था। जिसमें पकड़े गए दोनों अभियुक्तों ने भी सहयोग किया और उसकी हत्या कर उसका मोबाइल व सामान लेकर फरार हो गए थे।
थानाध्यक्ष सुरसा विनय मिश्र ने क्राइम ब्रांच के साथ दोनों को मझिला पुल के पास से गिरफ्तार किया। उसके तीसरे साथी की तलाश की जा रही है। आरोपियों के पास से मृतक का मोबाइल फोन और विकलांगता प्रमाण पत्र बरामद हुआ है। उन लोगों ने हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की है। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे, सीओ बघौली तारकेश्वर पांडेय आदि रहे।