शासन ने इंदिरा आवास योजना से आवासों के लक्ष्य में एक बार फिर से कटौती की है। अभी दो सप्ताह पहले ही जनपद के लक्ष्य मे कटौती कर आवासों का सरेंडर कर दिया गया था। अब एक बार फिर से आवास लक्ष्य में कटौती कर गरीबों के हक पर डाका डाला गया।
गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले बीपीएल श्रेणी के लोगों को इंदिरा आवास योजना का लाभ दिया जाता है। गरीबों को आवास बनाने के लिए 70 हजार रुपये की धनराशि मिलती है। वित्तीय वर्ष 2015-16 के तहत जनपद में 17276 आवासों को बनवाने का लक्ष्य निर्धारित हुआ। शासन ने आवासों का लक्ष्य आवंटित कर दिया लेकिन शासन की नीतियों के चलते पात्रों का चयन नहीं हुआ।
वहीं लक्ष्य आवंटन के बाद भी जनपदों को धनराशि आवंटित नहीं हुई, जबकि बीपीएल श्रेणी के पात्र भी ढूंढे नहीं मिले। ऐसे में सूबे भर में जिलों ने लक्ष्य सरेंडर कर दिया। ऐसे में हरदोई जनपद में भी पूर्व में निर्धारित 17276 के लक्ष्य में से 1816 आवास घटाकर 15460 कर दिया। आवासों का लक्ष्य कम किए अभी कुछ ही दिन व्यतीत हुए थे कि शासन ने एक बार फिर से इंदिरा आवास के लक्ष्यों में कटौती कर दी। बजट के अभाव को बताकर शासन ने अब हरदोई जनपद का संशोधित 15460 आवासों के लक्ष्य में से कटौती कर 15307 कर दिया। जिसके सापेक्ष ही अब विकास खंडवार आवासों का लक्ष्य निर्धारित कर दिया गया। ग्राम्य विकास विभाग के अपर आयुक्त हेमंत कुमार ने संशोधित लक्ष्य का पत्र देते हुए आवासों की स्वीकृति करवाकर पात्रों के खाते में धनराशि भेजने के निर्देश दिए।
विकास खंडवार आवंटित लक्ष्य
इंदिरा आवास योजना का पुर्न संशोधित लक्ष्य के अनुसार विकास खंड अहिरोरी में 1388, बावन में 1015, बेहंदर में 918, भरावन में 901, भरखनी में 550, बिलग्राम में 367, हरियावां में 911, हरपालपुर में 379, कछौना में 646, कोथावां में 1540, माधौगंज में 400, मल्लावां में 254, पिहानी में 971, सांडी में 393, संडीला में 1077, शाहाबाद में 827, सुरसा में 1190, टड़ियावां में 842 और टोडरपुर में 828 आवास बनाए जाएंगे।