हरदोई। कोतवाली देहात क्षेत्र के कमला नगर मजरा खेड़ा गांव स्थित शिक्षक के घर को चोरों ने निशाना बनाया। लाखों के जेवर और नकदी चुरा ले गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मझिला थाना क्षेत्र के ढकिया गांव निवासी सृजल सिंह का खेड़ा गांव में भी घर है। वह यहीं परिवार के साथ रहते और कोचिंग पढ़ाते हैं। 31 दिसंबर को सृजल परिवार के साथ नया साल मनाने पैतृक गांव ढकिया गए थे।
रविवार रात चोर मेन गेट का ताला तोड़कर घर के अंदर घुस गए। अलमारी में रखे 50 हजार रुपये, पायल, बिछुआ, झुमकी, हार, कंगन, मंगलसूत्र पार कर ले गए। पीड़ित ने चोरी गए माल की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। देहात कोतवाल गंगेश शुक्ला ने बताया कि चोरों का पता लगाया जा रहा है।