फोटो-26- शाहब्दापुर में दुकान का टूटा पड़ा शटर। संवाद
- फोटो : HARDOI
प्रतापनगर में सीतापुर रोड पर शाहब्दापुर स्थित बाजार में शुक्रवार देर रात बदमाशों ने चौकीदार को बांधकर मारपीट की। दो दुकानों के ताले तोड़कर लाखों के जेवर और साड़ियां लूट लीं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अहिरोरी निवासी शोभित गुप्ता की शाहब्दापुर मेन मार्केट में ज्वैलरी और साड़ी की दुकान है। शुक्रवार रात चौकीदार पुत्तू (60) दुकान के बाहर सो रहा था। देर रात वहां पहुंचे बदमाशों ने पुत्तू को असलहे के बल पर बांधकर मारपीट की। बदमाशों ने दोनों दुकानों के ताले तोड़ दिए और कीमती ज्वैलरी समेत कपड़े लूट ले गए।
पुत्तू ने शोर मचाया तो आसपास के लोग आ गए। घटना की जानकारी दुकानदार शोभित व बेनीगंज पुलिस को दी। कोतवाल राजकरन शर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। पुलिस ने आसपास घेराबंदी कर बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला। शनिवार सुबह एएसपी पश्चिमी कपिल देव ने घटनास्थल का जायजा लिया। कोतवाल राजकरन शर्मा ने बताया कि पीड़ित दुकानदार शोभित की तहरीर पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।