फोटो-21- शाहाबाद में सराफा की दुकान में लगी सेंध देखते लोग। संवाद
- फोटो : HARDOI
शाहाबाद बुधवार रात चोरों ने वासित नगर मार्ग पर स्थित सराफा की दुकान में नकब लगाकर सवा लाख के जेवर पार कर दिए। ताबड़तोड़ वारदातों से व्यापारियों में रोष व्याप्त है। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच की है।
नगर के मोहल्ला बरुआ बाजार निवासी राकेश राठौर व रामपाल सराफा व्यापारी हैं। कस्बा में वासित नगर मार्ग पर गोशाला के पास उसकी विनायक ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। बुधवार की देर शाम वह दुकान बंद करके घर गया था। देर रात चोरों ने दुकान को निशाना बनाया। दुकान के पीछे की दीवार में नकब लगा चोर अंदर घुसे।
दुकान में रखी दो सोने की चेन समेत लगभग सवा लाख के जेवरात समेट ले गए। पीड़ित के मुताबिक गुरुवार बाजार बंदी की वजह से वह देर से दुकान की तरफ पहुंचा। दुकान खोलने पर सारा सामान बिखरा पड़ा मिला। देखने पर दुकान में रखे जेवरात गायब थे। पीड़ित ने बताया कि चोरों ने तिजोरी खोलने का प्रयास किया लेकिन खोलने में नाकाम रहे।
पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच की। वहीं कस्बे में हो रही ताबड़तोड़ वारदातों से व्यापारियों ने पुलिस पर रात्रि गश्त में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। कोतवाल महेश पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है। घटना की जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।