मल्लावां। चोरों ने मंगलवार रात ग्राम दारू कुइयां में बंद मकान का ताला तोड़कर 50 हजार रुपये और जेवर चुरा लिए। अपने दूसरे घर पर गए मालिक को बुधवार सुबह घटना का पता चला। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दारू कुईयां निवासी वीरेंद्र कुमार पुत्र रामरतन ने बताया कि गांव में उसका एक मकान और है। मंगलवार रात वह और परिजन नए मकान में गए थे। पुराने घर में ताला लगा था। देर रात चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़ दिया। अलमारी और बक्से से 50 हजार रुपये और सोने के चार कंगन, दो चेन और पांच अंगूठी समेत अन्य सामान चुरा लिया। बुधवार सुबह घर जाने पर ताला टूटा व कमरे में रखा सामान बिखरा देखकर उसके होश उड़ गए। वीरेंद्र ने तीन लोगों पर चोरी करने की आशंका जताई है। कोतवाल शिवशंकर सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।