हरदोई। पिसावां रोड पर रविवार शाम सामने से आ रही कार को साइड न देने से नाराज कार सवार युवकों ने बस चालक की पिटाई कर दी। लोगों ने कार चालक और युवक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के पिसावां रोड पर गोपामऊ चौकी के पास दंगल हो रहा था। दंगल देखने के लिए आए लोगों के कारण भीड़भाड़ थी। इसी दौरान कस्बा गोपामऊ के मोहल्ला बंजारा निवासी कफील बस लेकर गोपामऊ से पिसावा जा रहे थे। सामने से आ रही कार को साइड न देने से कार चालक और उसे साथी ने कफील की पिटाई कर दी। लोगों ने कार सवार युवकों को पकड़ लिया। उन लोगों ने सीतापुर के थाना व कस्बा हरगांव निवासी दीपक और गोलू नाम बताए हैं। घायल बस चालक ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने चालक का मेडिकल कराया। टड़ियावां प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि दीपक और गोलू पुलिस हिरासत में हैं। पीड़ित का मेडिकल कराया जा रहा है और उसी आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।