युवक ने आम के पेड़ से फंदा लगाकर दी जान
- बीएलओ ने लगाया था मारपीट करने का आरोप, 15 दिन की काट चुका था जेल
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलग्राम। एक माह पूर्व बीएलओ के साथ मारपीट करने और सरकारी दस्तावेज फाड़ने के आरोपी ने गांव के बाहर बाग में आम के पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी।
कोतवाली क्षेत्र के नौमलिकपुर निवासी धर्मेंद्र (21) ने गुरुवार रात घर से लगभग 600 मीटर की दूरी पर स्थित बाग में आम के पेड़ से अंगोछे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार की सुबह इसका पता चला, उसके घर में चीख-पुकार मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए छानबीन शुरू कर दी। बताया गया कि एक माह पूर्व मृतक धर्मेंद्र के खिलाफ बीएलओ ने सरकारी काम में बाधा डालने और दस्तावेज फाड़ने का मामला दर्ज कराया था। इसमें उसे करीब 15 दिनों की जेल हुई थी। मृतक के भाई रामू का कहना है कि पुरानी रंजिश के चलते बीएलओ ने उस पर आरोप लगाकर जेल भिजवाया था। 15 दिन बाद जेल से छूटकर आने के बाद फिर से बीएलओ उसके भाई को धमकी देता था। इस कारण वह तनाव में रहने लगा था। इसी तनाव में चलते उसने आत्महत्या कर ली। कोतवाल फूल सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।