हरदोई। लाख कोशिशों के बाद भी मेडिकल कॉलेज में मरीजों के साथ हो रही अवैध वसूली थमने का नाम नहीं ले रही है। आए दिन मरीजों से अवैध वसूली की जा रही है। इसी तरह का एक मामला गुरुवार को प्रकाश में आया है। सीटी स्कैन की जांच कराने आए युवक को एक व्यक्ति ने सरकारी फीस की बात कहकर 600 रुपये ले लिए। ठगी का शिकार हुए पीड़ित ने मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य से शिकायत की है।
बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के खंनिगवा कला निवासी सुदामा प्रसाद के कमर से में काफी दिनों से दर्द है। जिसके कारण एक पैर में काफी दिक्कत बनी हुई है। इसके कारण चलने में असुविधा हो रही है। सुदामा ने बताया कि बुधवार को सीटी स्कैन कराने के लिए स्वसाशी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के परिसर में स्थित सीटी स्कैन कक्ष के पास गया था। वहां पर एक युवक मिला जिसने सीटी स्कैन की जांच के बदले में 600 रुपये फीस जमा करने को कहा। इस पर सुदामा ने उसे रुपये दे दिए। दूसरे दिन गुरुवार को जब सुदामा जांच रिपोर्ट लेने आया तो उसे पता चला कि सीटी स्कैन की कोई फीस नहीं पड़ती है। इसके बाद उसने उसके मोबाइल नंबर पर फोन किया। जिससे ठगी करने वाले युवक ने अस्पताल के बाहर चाय की दुकान पर इंतजार करने के लिए कहा। काफी देर तक इंतजार करने के बाद जब वह युवक नहीं आया तो पीड़ित सुदामा ने प्रधानाचार्य से शिकायत की है। प्रधानाचार्य ने इस पूरे प्रकरण की जांच कराने के लिए सीएमएस निर्देश दिए है। सीएमएस डॉ जेके वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।