हरपालपुर। दो दिन पहले दिल्ली से लौटे मलौथा गांव निवासी युवक ने शुक्रवार रात बाजार में एक दुकान के बाहर पड़े टिन शेड में फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजन खुदकुशी का कारण नहीं बता सके।
हरपालपुर थाना क्षेत्र के मलौथा गांव निवासी अविवाहित नेकराम (30) छह भाइयों में सबसे छोटा था। वह दिल्ली में एक होटल में नौकरी करता था। गुरुवार को ही गांव लौटा था।
शनिवार सुबह लोगों ने हरपालपुर बाजार में एक दुकान के बाहर पड़े टिनशेड में नेकराम का शव फंदे पर लटका देखा। लोगों ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने बताया कि नेकराम शाम को घर पर ही था, रात में कब निकला पता नहीं चला। परिजन खुदकुशी का कारण भी नहीं बता सके।
कोतवाल दीपक शुक्ला ने बताया कि शव गमछे से बने फांसी के फंदे पर लटका था। परिजनों ने किसी पर आरोप नहीं लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।