हरदोई। सांडी थाना क्षेत्र में बसौलिया गांव के पास पुल से झांकते समय कुंदनपुरवा का युवक गर्रा नदी में गिर गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों से तलाश कराई लेकिन युवक का पता नहीं चल पाया।
हरपालपुर थाना क्षेत्र के कुंदनपुरवा गांव के मजरा लमकन निवासी शैलेंद्र (35) पुत्र रघुवर रविवार सुबह नौ बजे साइकिल से ससुराल जाने के लिए घर से निकला था। लगभग साढ़े दस बजे वह सांडी थाना क्षेत्र के बरौलिया गांव के पास गर्रा नदी पुल पर साइकिल खड़ी कर नीचे झांकने लगा। बैलेंस बिगड़ने से शैलेंद्र नदी में गिर गया। करीब ही सब्जी बेच रहे लोग उसे गिरता देख दौड़े लेकिन नदी के तेज बहाव में वह बह गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर नदी से युवक की खोजबीन शुरू कराई।
साइकिल के हैंडल पर लिखे पते के आधार पर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। हादसे की जानकारी पर पहुंची पत्नी केशकली ने आत्महत्या की बात से इंकार किया है। युवक तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसके एक पुत्र है। देर शाम तक युवक का पता नहीं चल पाया था।