हरदोई। शहर की बिजली व्यवस्था को दुरूस्त करने का काम दो माह बाद भी शुरू नहीं हो सका है। इससे शहर के उपभोक्ताओं को लोकल फाल्ट के कारण हो रही बिजली कटौती का दंश झेलना पड़ रहा।
रिवैंप योजना के तहत जिले में विद्युत व्यवस्था को दुरूस्त करने का काम किया जा रहा है। योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र के अलावा शहरी क्षेत्र में भी कार्य कराए जाने हैं। योजना में शहर में कई विद्युत ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि की जानी है। इसके अलावा जर्जर बिजली लाइनें, विद्युत पोल को बदलना है।
विद्युत उपकेंद्रों को जोड़ने वाली हाईटेंशन लाइन भी जर्जर हो चुकी हैं। इन्हें भी बदला जाना है, ताकि 220 केवीए उपकेंद्र से 33 केवीए उपकेंद्र तक बिजली आपूर्ति करने में समस्या न हो। शहर को छोड़कर जिले क अन्य हिस्सों में रिवैंप योजना के तहत काम चल रहा है।
इससे शहर के 55 हजार उपभोक्ताओं को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा। बिजली लाइन के तार न बदलने से लोकल फाल्ट हो रहे हैं। सबसे अधिक समस्या विद्युत उपकेंद्र सांडी रोड और गुरगुज्जा उपकेंद्र से जुड़े लोगों को हो रही है।
इनसेट
शहर में योजना के तहत जो काम किए जाने हैं, उसके लिए कार्यदायी संस्था को पत्र लिखा गया है, जल्द ही शहर में भी योजना के तहत होने वाले कार्य शुरू हो जाएंगे।
- रविंद्र कुमार ढोलका, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड द्वितीय।