हरदोई। बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के सदेउली गांव निवासी महिला ने गुरुवार को जहरीला पदार्थ खा लिया था। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां पर उसकी मौत हो गई। मायके वालों ने मृतका के पति पर मारपीट कर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी ने बताया कि इस संबंध में उनको कोई तहरीर नहीं मिली है।
बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी राकेश ने बेटी प्रियंका (22) की शादी करीब तीन साल पहले सदेउली निवासी सोनपाल के साथ की थी। गुरुवार को प्रियंका ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर सोनपाल ने उसे शाहाबाद सीएचसी में भर्ती कराया था। राकेश ने बताया कि प्रियंका के जहर खाने की सूचना छोटे भाई अवधेश के फोन पर अनजान नंबर से दी गई थी।
इस पर वह अवधेश व गांव के अन्य लोगों के साथ गुरुवार को ही करीब 5 बजे शाहाबाद सीएचसी पहुंचा था। जहां पर प्रियंका के बारे में पूछा तो डॉक्टर ने बताया कि हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। राकेश ने बताया कि करीब 7 बजे वह जिला अस्पताल पहुंचा तो डॉक्टरों ने बताया कि प्रियंका की मौत हो गई है।
राकेश ने बताया कि सोनपाल वहां पर नहीं था। प्रियंका की सास मायावती वहां पर थी। राकेश ने सोनपाल पर शराब पीकर प्रियंका को पीटने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि पिटाई से प्रताड़ित होने के कारण ही उसने आत्महत्या की है। राकेश ने यह भी बताया कि गुरुवार को प्रियंका ने दोपहर में उसके पास फोन कर सोनपाल के शराब पीकर पीटने की बात कही थी। शुक्रवार को शहर क ोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है लेकिन अभी तक उनको कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।