हरदोई। बीएसएनएल के त्रिवार्षिक यूनियन मान्यता संबंधी चुनाव कार्यक्रम के तहत मंगलवार को जिले में 120 कर्मियों में 118 ने मतदान किया। चार यूनियंस के लिए हुई वोटिंग के दौरान चुनाव अधिकारी एवं डीई प्रशासन आरसी गुप्ता व मतदान अधिकारी मौजूद रहे। सुबह 9 बजे से शुरू हुआ मतदान निर्धारित समय शाम 5 बजे बंद हुआ।
ज्ञात हो कि देश भर के बीएसएनएल कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों की यूनियन की मान्यता देने के लिए पंजीकृत यूनियंस के बीच पूरे देश में एक साथ मतदान कराया जाता है और जिस यूनियन को सबसे ज्यादा वोट मिलते हैं उसे मान्यता दी जाती है।
पूरे देश मेें 1 लाख 64 हजार कर्मचारी है जो कि बीएसएनएल में पंजीकृत तमाम यूनियंस से जुडे हुए है। पिछले चुनाव में सबसे ज्यादा वोट पाकर बीएसएनएल इंप्लाइज यूनियन को मान्यता मिली थी। इस बार हरदोई में बीएसएनएल इप्लाइज यूनियन, बीटीईयू, एनईएफटी सहित राष्ट्रीय वर्क्स यूनियन के बीच चुनाव हुआ । चुनाव अधिकारी ने बताया कि मतदान के बाद मतपेटियां सील कर कार्यालय में रखवा दी गई। राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली मतगणना के उपरांत 12 मई को परिणाम घोषित किया जाएगा।