जिले के 41 लाख लोगों की नजरें रविवार को जिले के 19 स्थलों पर होने वाली मतगणना पर लगी रहेगी। इसमें कोई दो राय नहीं मतगणना का दिन रविवार हर वर्ग के लिए खास साबित होने वाला है। खासकर 1305 प्रधानी व 1956 ग्राम सदस्य पदों पर भाग्य आजमा रहे प्रत्याशियों के लिए जीवन की अहम परीक्षाओं में से यह दिन शुमार होगा।
जिले के 1308 प्रधान पदों पर चुनाव होने थे, जिसमें से हजारों लोगों ने नामांकन कर अपने दावे प्रस्तुत किए। जिसमें से हरियावंा की ग्राम पंचायत कपूरपुर व कोथावंा की शाहपुर पर निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है तो शाहाबाद की ग्राम पंचायत झोथू पर प्रत्याशी की मौत के बाद निर्वाचन निरस्त कर दिया गया था।
इस कारण 1305 पदों पर रविवार को विजयी प्रत्याशियों की घोषणा होनी है। जबकि ग्राम पंचायत सदस्य के 16760 पदों पर निर्वाचन होना था जिसमें से 4648 ग्राम पंचायतों में निर्विरोध निर्वाचित कर सदस्य घोषित हो चुके हैं। रविवार को सिर्फ 1956 पदों पर वोट गिने जाने हैं। जबकि शेष पद रिक्त बताए गए हैं।
प्रभारी जिला अधिकारी मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि मतगणना को लेकर तैयारी पूरी की जा चुकी है। 19 मतगणना स्थल बनाए गए हैं। जिनमें 356 काउंटिंग टेबले लगाई गई हैं। 712 पार्टियों को गिनती करने का दायित्व सौंपा गया है। सुरक्षा बल पर्याप्त मात्रा में लगा दिया गया है।
मतगणना होने से पूर्व निर्विरोध प्रत्याशियों को प्रमाण पत्रों का वितरण किया जाएगा। उसके बाद दो टेबलों पर प्रधानी व एक पर सदस्य पद के वोटों की गिनती होगी। सुबह नौ बजे के परिणामों के मद्देनजर रुझान आने की संभावना है।
मृत लेखपाल को भी ड्यूटी जारी- हरदोई। इतहसील संडीला में तैनात एक लेखपाल वीरेंद्र वर्मा जो कि दिवंगत हो चुके हैं, की ड्यूटी तुलसी आश्रम इंटर कालेज बघौली में लगा दी गई। शनिवार को प्रशिक्षण के दौरान इसका खुलासा हुआ। आला अधिकारियों तक इसकी जानकारी पहुंची, इसके बाद उनकी ड्यूटी को काटकर किसी दूसरे को उसका दायित्व सौंपा गया।