हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र में कौंढ़ा के पास हरदोई शाहजहांपुर रोड पर गुरुवार को ट्रक से कुचलकर कक्षा सात के छात्र की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
कोतवाली क्षेत्र के कौंढ़ा निवासी अंकित (14) पुत्र शिव मंगल गुरुवार को अपने साथी पुष्पेंद्र के साथ साइकिल से दुकान पर सामान लेने जा रहा था।
सड़क पार करते समय शाहजहांपुर की तरफ से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से पुष्पेंद्र साइकिल से उछलकर दूर जा गिरा, जबकि साइकिल चला रहा अंकित ट्रक के पहिए के नीचे आ गया। हादसे की सूचना पर पहुंचे परिजन उसे जिला अस्पताल ले आए। जहां पर डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अंकित दो भाइयों में छोटा था। वह गुलामऊ के उच्च प्राथमिक विद्यालय में कक्षा सात का छात्र था।