संडीला। आज भादो का आखिरी मंगलवार है। यहां पर श्री महावीर को झंडा चढ़ाने के लिए कस्बा ही नहीं, आसपास के जिलों के श्रद्धालु भी आते हैं। यहां पर अंग्रेजी हुकूमत के समय से श्री महावीर जी को झंडा चढ़ाने की परंपरा है। श्रद्धालु झंडा के प्रसाद भी चढ़ाते हैं और झंडा वापस अपने घर पर लगाने के लिए ले जाते हैं। मान्यता है कि श्री महावीर जी झंडा चढ़ाने से भक्तों की सभी मनोकामना पूरी होती हैं।
कस्बा के मोहल्ला बरौनी में आस्था का केंद्र श्री महावीर जी का प्राचीन मंदिर है। इसके निर्माण कब और किसने कराया इसके पुख्ता प्रमाण नहीं मिले हैं लेकिन, लोगों की आस्था से जुड़ा केंद्र हैं। ऐसी मान्यता है कि यह मंदिर मुगलकाल में भी मौजूद था और उस समय यहां पर एक छोटी से मठिया थी। इसी में श्री महावीर जी का श्रीविग्रह विराजित था। श्रद्धालु पूरी श्रद्धा, विश्वास और भक्तिभाव से भादो के आखिरी मंगलवार को बांस में लगे बल्लम में त्रिभुजाकार लाल रेशमी झंडा लगाकर चढ़ाने पर भगवान श्री महावीर सभी कष्टों का निवारण और मनोकामना पूरी करते हैं। यहां पर श्रद्धालु मनोकामना पूरी होने पर भी झंडा चढ़ाने आते हैं। मंगलवार (आज) श्री महावीर जी की झंडा शोभायात्रा में क्षेत्र के साथ ही दूसरे जिलों के भी श्रद्धालु शामिल होने आएंगे। सभी के पास झंडा और प्रसाद होगा। श्री महावीरन मंदिर में पूजन के बाद झंडा श्री हनुमान जी अर्पण करने के बाद शोभायात्रा में शामिल होते हैं। शोभायात्रा नगर भ्रमण के बाद फिर मंदिर आती है। यहां पर प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही श्रद्धालु श्री महावीर से आशीर्वाद से लेकर घर वापस जाते हैं।
-
गंगा-जमुनी तहजीब की कस्बा के लोग पेश करेंगे मिसाल
कस्बा में गंगा-जमुनी तहजीब कायम है। श्री महावीर जी की झंडा शोभायात्रा में आज मेला कमेटी के सदस्य सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु झंडा लेकर शामिल होंगे और नगर भ्रमण करेंगे। इस दौरान मुस्लिम समाज के लोग शोभायात्रा का पुष्प वर्षा और यात्रा में शामिल लोगों को माल्यार्पण और गले मिलकर स्वागत करते हैं।