हरदोई। सावन माह की शुरुआत से पहले पूजन सामग्री की बाजारों में रौनक लौट आई है। भगवान शिव की आराधना की तैयारियों में जुटे श्रद्धालुओं ने पूजन सामग्री की खरीदारी शुरू कर दी है। सदर बाजार समेत अन्य पूजन सामग्री की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ बढ़ने लगी है। सावन माह में घर-घर होने वाले रुद्राभिषेक के लिए भी दुकानदारों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
भगवान शिव की आराधना के पवित्र महीने को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह अभी से नजर आने लगा है। सावन माह में सोमवार और रुद्राभिषेक का अपना ही अलग महत्व है। इसको लेकर पूजन सामग्री की दुकानों पर तैयारियां दिखने लगी हैं। रुद्राक्ष की माला, शिवलिंग, तांबे के लोटे, चंदन, अगरबत्ती, घी के दीपक, पूजा वस्त्र, कलावा और अन्य पूजन सामग्री से दुकानें भर गई हैं।
कई श्रद्धालु पूरे सावन माह की पूजा के लिए एक साथ सामग्री खरीद रहे हैं, जिससे बिक्री में भी अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। डमरू वाला दुकान के संचालक आयुष मल्होत्रा ने बताया कि अतिरिक्त स्टॉक पहले से मंगवा लिया है, ताकि ग्राहकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। दुकानों पर शिव परिवार की प्रतिमाएं, सजावटी पूजन थाल, पंचामृत पात्र, त्रिशूल, डमरू और पूजा सज्जा से जुड़े अन्य सामान की भी मांग बढ़ गई है। व्यापारियों को उम्मीद है कि सावन माह में कारोबार में तेजी बनी रहेगी।
- हर साल सावन हमारे कारोबार का सबसे व्यस्त समय होता है। इस बार भी अच्छी बिक्री की उम्मीद है और दुकानों पर पर्याप्त स्टॉक रखा गया है।
आयुष महेंद्रा, व्यापारी
- आने वाले दिनों में अब कई व्रत और त्योहार हैं। सावन माह के साथ इसकी शुरुआत हो गई है। पूजन सामग्री की बिक्री सामान्य दिनों की तुलना में काफी बढ़ गई है।
अभय सिंह, दुकानदार
यह है पूजन सामग्री की दर:
सामग्री कीमत रुपयों में
अगरबत्ती 20 से 60 तक
धूपबत्ती 10 से 150 तक
भस्म 20 से 40 तक
चुनरी 10 से 50 तक
श्रंगार सामग्री 50 से 120 तक
चंदन 10 से 40 तक
आरती 10 से 40 तक
जनेऊ 05 व 10 तक
श्रृंगी व शिवलिंग 100 से 120 तक
नंदी गाय व लड्डू गोपाल 300 से 500 तक