देहात क्षेत्र में महिला की शिकायत पर उसके पति को
पीट रहे दो सिपाहियों को टोकने की कीमत गांव के युवक को अपनी जान गंवाकर
चुकानी पड़ी। सेवा गांव में पुलिस की पिटाई के बाद भाग रहे युवक की तालाब
में डूब कर मौत हो गई। घटना से गांव में तनाव फैल गया और ग्रामीणों ने
पुलिस को शव को मौके से नहीं ले जाने दिया।
भारी पुलिस बल पहुंचने पर और
सिपाहियोें पर रिपोर्ट दर्ज होने के आश्वासन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए
ले जाया गया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। उधर,
पुलिस कप्तान उमेश कुमार सिंह ने दोनों सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से
निलंबित कर दिया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सेवा निवासी कुसुमपाल
की पत्नी संगीता ने पुलिस को रविवार की सुबह सूचना दी कि उसका पति उसे और
उसकी सास को पीट रहा है। जिस पर कोतवाली के दो पुलिस कर्मी ठाकुर प्रसाद और
रामबिहारी सचान गांव पहुंचे और कुसुम पाल को घर से निकल कर पिटाई करने
लगे।
तभी वहां से गांव निवासी ब्रह्मानंद (35) पुत्र लेखराम गली से गुजरे
और पुलिस को पिटाई करता देख कुछ बोल दिया। जिस पर पुलिस कर्मियों ने
ब्रह्मानंद को पकड़ कर पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान ब्रह्मानंद किसी
प्रकार छूट कर भागा, तो पुलिस वालों ने पीछा किया जिस पर ब्रह्मानंद ने
गांव के बाहर तालाब में छलांग लगा दी।
चर्चा है कि पुलिस वालों को तालाब के
पास रुका देख वह तालाब से बाहर नहीं निकला और तालाब में डूब कर उसकी मौत
हो गई। तालाब में हलचल न देख पुलिस कर्मी लौट गए। उधर, ब्रह्मानंद की जब
खोज खबर ली गई तो तालाब में तंबाकू की पुड़िया उतराते देख जाल डाल कर उसकी
तलाश की गई तो उसका शव बरामद हुआ, जिसको ग्रामीणों ने बाहर निकला।
शव
मिलने की जानकारी होने पर पुलिस कर्मी उसका पोस्टमार्टम कराने को मौके पर
पहुंचे, पर ग्रामीणों ने शव उठाने नहीं दिया। उनकी मांग थी कि रिपोर्ट दर्ज
की जाए। इस पर सीओ सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों से
तहरीर लेकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। तब कहीं शव को पोस्टमार्टम के
लिए भेजा जा सका।
घटना से परिवार में कोहराम मच गया। उधर, घटना से गांव में
तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया। प्रभारी एसपी प्रदीप
गुप्ता ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर दोनों सिपाहियों के विरुद्ध
गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है और उन दोनों पुलिस कर्मियों के
निलंबन की कार्रवाई की जा रही है।