हरदोई। होली पर यात्रियों को आराम से उनके गंतव्य तक पहुंचाने का दावा करने वाला रोडवेज एक बार फिर फेल हो गया। मंगलवार की सुबह से ही रोडवेज बस अड्डे पर लोगों का तांता लगा रहा। न तो अतिरिक्त बसें दिखीं और न ही बसों का समय से संचालन हो सका। भीड़ के चलते ट्रेन भी लेट रहीं, जिन्होंने यात्रियों को परेशान कर दिया।
क्षेत्रीय डिपो होने की वजह से जनपद से दिल्ली, कानपुर, लखनऊ, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, अजमेर-जयपुर सहित तमाम शहरों के लिए बसें चलती हैं। त्योहार पर यात्रियों को घर तक पहुंचाने के लिए लगाई गई रोडवेज की अतिरिक्त बसें मंगलवार को बस अड्डे पर एक भी नजर नहीं आईं। सबसे अधिक मारामारी कानपुर, फर्रुखाबाद और कन्नौज की बसों की हुई। इन रूटों के यात्री पहले तो कई घंटे तक बस अड्डे पर बैठे रहे वहीं जब बस आई तो सीट पाने के लिए यात्री मशक्कत करते दिखाई दिए।
स्थानीय डिपो के केंद्र प्रभारी आरएस यादव ने बताया कि होली के मद्देनजर दिल्ली रूटों की 22 बसों को बढ़ाकर 30 कर दिया गया है। इसी प्रकार कानपुर रूट पर भी हरदोई डिपो से 16 बसें संचालित होती है। जिसमें अब अन्य डिपो की आठ बसों का संचालन हो रहा है। लखनऊ रूट पर भी 23 बसों के अतिरिक्त अन्य डिपो की 10 बसें आ रही हैं। शाहजहांपुर रूट पर अब कुल 30 बसों का संचालन हो रहा है। इसी प्रकार सीतापुर डिपो से भी 20 बसें आ रही हैं।
वर्जन
होली के त्योहार पर यात्रियों की संख्या मेें इजाफा हुआ है। अतिरिक्त बसें लगाई गई हैं लेकिन यात्रियों की संख्या बढ़ने से मारामारी अधिक है। लोकल स्तर की सभी बसों को दिल्ली रूट पर लगाया गया है। जबकि अन्य रूटों पर यात्रियों की संख्या को देखते हुए बसों के फेरे बढ़ाए गए। - आरबी लाल, एआरएम