हरदोई। कासिमपुर थाना क्षेत्र में बैंक से रुपये लेकर जा रही महिला के साथ लूट करने वाले दो बदमाशों में से पुलिस ने एक को दबोच लिया। उसके पास से लूट के रुपये और एक बाइक मिली है। पुलिस ने लुटेरे को जेल भेज दिया।
कासिमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गौसगंज निवासी प्रभा कुमार पत्नी सर्वेश मिश्र 14 मार्च को आर्यावर्त ग्रामीण बैंक से बीस हजार रुपये निकाल कर घर जा रही थी। गौसगंज से कछौना रोड पर दो बाइक सवार उनका झोला छीन कर फरार हो गए थे। जिसमें बीस हजार रुपये, चार बैंक पास बुक और एक मोबाइल फोन था। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी।
चार अप्रैल को गौसगंज चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि माडर रोड पर उनमें से एक बदमाश लूट की घटना को अंजाम देने के लिए खड़ा है। पुलिस कर्मी ने उसे धर दबोचा। उसने अपना नाम सुशील गुप्ता निवासी संदना सीतापुर बताया। कहा कि उसने अपने बहनोई संतोष निवासी फतिया थाना इटौजा जनपद लखनऊ के साथ मिल कर घटना को अंजाम दिया था। बाइक भी उसके बहनोई की ही है। पुलिस ने उसके पास से लूट के 3600 रुपये और बाइक बरामद की।
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी बीसी दुबे ने बताया कि घटना में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया। उन्होंने इस कार्य के लिए पुलिस टीम को बधाई दी।