पाली। उधारी के रुपये वसूलकर जा रहे बाइक सवारों को लूटने के दौरान लुटेरों की बाइक भी खंती में जा गिरी। लुटेरे 26 हजार रुपयों से भरा बैग लेकर मौके से भाग निकले। उनकी बाइक मौके पर ही छूट गई। पुलिस ने छिनैती की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पाली थाना क्षेत्र के बैजूपुर निवासी कुशाग्र वाजपेयी के बड़े भाई गोविंद की खाद की दुकान शिरोमननगर में थी। एक साल पहले दुकान बंद कर दी थी। दुकान से खाद खरीदने वालों पर रुपये बकाया थे। बुधवार को कुशाग्र गांव के ही शैलेंद्र के साथ उधारी वसूलने शिरोमननगर गए थे। कुशाग्र के मुताबिक 26,100 रुपये वसूलकर वह बाइक से वापस जा रहे थे। रास्ते में 100 रुपये का पेट्रोल बाइक में डलवाया था। 26 हजार रुपये झोले में रखकर बाइक पर टांग लिया था।
शंकरपुर मोड़ के पास प्यास लगने पर वह लोग बाइक खड़ी करके पानी पीने लगे। कुशाग्र सड़क किनारे खड़े होकर मोबाइल चला रहे थे। इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने मोबाइल छीन लिया और अंटवा की तरफ भाग गए। कुशाग्र ने उसके पीछे अपनी बाइक दौड़ा दी। अंटवा गांव के आगे एक डिग्री कॉलेज के पास उसने बाइक लगाकर लुटेरों को रोकने का प्रयास किया तो लुटेरों ने बाइक में टक्कर मारकर कुशाग्र और शैलेंद्र को खंती में गिरा दिया।
इस दौरान लुटेरों की बाइक भी खंती में गिर गई। कुशाग्र का छीना गया मोबाइल भी वहीं गिर गया। आरोप है कि लुटेरों ने रुपयों समेत झोला निकाल लिया और पैदल ही भाग निकले। प्रभारी निरीक्षक रमेश चंद्र पांडेय ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। छिनैती के आरोप में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मौके पर पड़ी मिली बाइक शाहजहांपुर के सेहरामऊ दक्षिणी निवासी रिंकी देवी के नाम है। अन्य जानकारियां भी जुटाई जा रही हैं।