फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जनप्रतिनिधियों ने परखा जिले का विकास

Sun, 14 Aug 2016 12:01 AM IST
अमर उजाला ब्यूराो/हरदोई
विज्ञापन
बैठक - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
हरदोई। हंगामे के साथ शुरू हुई जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति की पहली बैठक में  विकास कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में  सुझाव भी रखे गए। विकास कार्यों में गड़बड़ी और योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही करने वाले अधिकारियों को सदन में आड़े हाथों लिया गया।
विज्ञापन


जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति की पहली बैठक शनिवार को विकास भवन सभागार में हुई। भाजपा सांसद अंशुल वर्मा की अध्यक्षता और सांसद अंजूबाला की सह अध्यक्षता में हुई बैठक हंगामे के साथ शुरू हुई। मामला शांत होने पर  विकास योजनाओं के अमल पर चर्चा शुरू हुई। अध्यक्षता कर रहे सांसद अंशुल वर्मा ने कहा कि सरकार चाहती है कि वास्तविक लाभार्थी तक हर योजना लाभ पहुंचे। इसके लिए अधिकारी मानक के अनुरूप समय पर काम पूरा करें। इस उद्देश्य से जिला सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति का नाम बदलकर जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति  किया गया है।  अब इस बैठक में हाईवे आदि पर भी चर्चा हो सकेगी। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने दायित्व का ईमानदारी से निर्वहन  करें। सांसद ने कार्ययोजनाओं में लापरवाही बरतने की शिकायत भी की। बैठक में विधायक बाबू खां, अनिल वर्मा, एससी/एसटी सदस्य पीके वर्मा, ब्लॉक प्रमुख, जिलाधिकारी विवेक वार्ष्णेय, मुख्य विकास अधिकारी राधेश्याम आदि मौजूद रहे।  

बरवन रजबहे पर आधा घंटे हुई चर्चा
राजनीति का अखड़ा बन चुके सवायजपुर क्षेत्र के बनवन रजबहे पर करीब आधे घंटे तक घमासान चला। पिछली बैठक में इस रजबहे पर हुई कार्रवाई का जवाब एक्सईएन सिंचाई खंड  शाहजहांपुर और एक्सईएन शारदा नहर खंड हरदोई बीके पोरवाल ने दिया। अधिकारियों के जवाब पर जनप्रतिनिधियों पर पारा हाई हो गया। सबसे ज्यादा खफा विधायक अनिल वर्मा नजर आए। उन्होंने कहा कि आप लोग टेल तक नहरों की सतह गीली कर देते हो। इससे किसानों का भला नहीं होगा। खेतों तक पानी पहुंचे तब किसान का भला है। विधायक ने कहा कि विभाग सफाई के नाम पर केवल घास काटता है। ठीक से काम ही नहीं होता।
विज्ञापन


नहर पर कब्जा करने वालों पर दर्ज होंगे मुकदमे
नामित  सदस्य अजीत सिंह बब्बन ने नहरों, रजबहों पर कब्जे का मामला उठाया। इसके समर्थन में हरदोई पालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि उमेश अग्रवाल ने भी शहर की कैनाल ड्रेन  पर कब्जे का मामला उठाया। मझिला कमालपुर सहित अन्य रजबहों, नहरों पर कब्जे के मामले उठने पर डीएम ने नाराजगी जताई। इस पर एक्सईएन बीके पोरवाल ने कहा कब्जा करने वालों के खिलाफ नहर एक्ट के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।

कस्तूरबा में होंगे खेलकूद
शिक्षा विभाग की चर्चा के दौरान स्कूलों में खेलकूद न होने का मामला खुद अध्यक्ष अंशुल वर्मा ने उठाया। उन्होंने परिषदीय स्कूलों में खेलकूद कराने का  सुझाव दिया। इसके लिए सबसे पहले कस्तूरबा को चुनने की बात कही। इस पर बीएसए मसीउज्जमा सिद्दीकी ने बारिश के बाद अंतर कस्तूरबा गांधी स्कूल प्रतियोगिता कराने की बात कही। उन्होंने परिषदीय स्कूलों में भी खेलकूद गतिविधियां बढ़ाने का आश्वासन सदन को दिया। अंशुल वर्मा ने कहा कि स्कूलों में खेल प्रतियोगिताएं होनी जरूरी हैं। बच्चों का नियमित चिकित्सकीय परीक्षण को भी कहा गया।

पक्का बनेगा कांशीराम कालोनी का नाला
शहर के कैनाल ड्रेन से गंदे पानी की निकासी न होने का मुद्दा नगर पालिका अध्यक्ष मीना अग्रवाल के प्रतिनिधि उमेश अग्रवाल ने उठाया। इस पर सांसद अंशुल ने कहा कि इसके लिए मैने निधि से प्रस्ताव दिया था लेकिन काम नहीं हो पाया था। कांशीराम कालोनी के छोर पर 700 मीटर पक्का  नाला बनाने का प्रस्ताव पारित हुआ। इसमें नगर पालिका हरदोई भी सहयोग करेगी।

जल्द शुरू होेंगे संडीला में पोस्टमार्टम
स्वास्थ्य विभाग की चर्चा के दौरान संडीला ब्लाक प्रमुख वीरेंद्र सिंह ने संडीला में पोस्टमार्टम बंद होने का मुद्दा उठाया। इसका समर्थन सांसद अंजूबाला ने भी किया। इस पर सदस्यों ने सीएमओ को आड़े हाथों लिया।  सीएमओ ने पूर्व में तैनात रहे पोस्टमार्टम कर्मी के पुत्र को तैनात कर पोस्टमार्टम हाउस जल्द शुरू कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान सांसद अंशुल वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि उमेश अग्रवाल जिला अस्पताल में नेत्र चिकित्सक  और सांसद अंजू बाला  ने जिला महिला अस्पताल में एनेस्थीसिया  का डॉक्टर न होने का मुद्दा उठाया। टडियावंा सीएचसी में तैनात हार्ट चिकित्सक को जिला अस्पताल में तैनात करने की चर्चा भी हुई। इस दोनों बिंदुओं के समाधान का आश्वासन सीएमएस सदन को नहीं दे पाए।

खराब सड़कों को बनाने के भेजे गए प्रस्ताव
पीडब्ल्यूडी विभाग की चर्चा में खराब सड़कों और शहर में बाईपास का मुद्दा उठा। एक्सईएन पीडब्ल्यूडी ने कहा कि जिले की सभी खराब सड़कों की मरम्मत के लिए प्रस्ताव शासन को भेज दिए गए हैं।  हरपालपुर क्षेत्र में मलौथा के पुलिया निर्माण में धांधली करने वालों से रिकवरी का प्रस्ताव पारित हुआ।
       
प्रतिनिधियों को रोकने पर हुआ हंगामा
हरदोई। जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति की बैठक सुबह 11 बजे से होनी थी। करीब 12 बजे सांसद अंशुल वर्मा सहित अन्य सदस्य विकास भवन के सभागार में पहुंचे। बैठक में ज्यादातर विधायकों, ब्लॉक प्रमुखों, नगर पालिका अध्यक्ष हरदोई सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि मौजूद थे। विधायक अनिल वर्मा ने इसका विरोध किया तो हंगामा शुरू हो गया। कुछ सदस्य बैठक से उठकर जाने लगे। मान मनौवल के बाद बात बनी।  

ये नहीं आए बैठक में
सदर विधायक और मंत्री नितिन अग्रवाल, विधायक रजनी तिवारी, विधायक बृजेश वर्मा, विधायक महावीर सिंह, विधायक श्याम प्रकाश, विधायक राजेश्वरी, अध्यक्ष जिला पंचायत, कई ब्लॉक प्रमुख बैठक में मौजूद नहीं रहे।

अगली बार नहीं बैठ पाएंगे प्रतिनिधि
बैठक में हुए हंगामे के सवाल पर जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति अध्यक्ष अंशुल वर्मा ने कहा कि कोई भी बैठक जनता के हितों पर चर्चा के लिए होती है। इनमें जनता से चुने प्रतिनिधियों को ही आना चाहिए।  जनता जनप्रतिनिधि चुनती है, उनका प्रतिनिधि नहीं। अगली बैठक में प्रतिनिधियों को नहीं बैठने दिया जाएगा। किसी भी सदन की बैठक में प्रतिनिधि को बैठने पर रोक लगाने के लिए भी नियमानुसार व्यवस्था की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें