हरदोई। श्रीगणेश महोत्सव के पंडालों में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा। वहीं बच्चों ने विभिन्न कार्यक्रमों में हुनर दिखाकर दर्शकों की तालियां बटोरीं।
श्री विनायक समिति के अग्रवाल धर्मशाला स्थित पंडाल में कलाकार अरविंद मिश्रा की टीम ने भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्ति के रंग में रंग दिया। यहां पर बड़ी संख्या में श्रोताओं ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। सोमेंद्र अग्रवाल मौजूद रहे। गजानन सेवा समिति के वंशीनगर पंडाल में पुरस्कार वितरित किए गए। आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, कामिनी अग्रवाल, आयोजक मनीष चतुर्वेदी, आलोकिता श्रीवास्तव रहीं।
सिद्धि विनायक मराठा मंडल एवं सर्राफा कमेटी के त्रिलोकीनाथ कंपाउंड पंडाल में आरती और पूजन अर्चन हुआ। प्रदीप रस्तोगी, गोपाल मेहरोत्रा मौजूद रहे। मंगलमूर्ति सेवा समिति के गणेश उत्सव में आचार्य कमल किशोर शुक्ला की मौजूदगी में योगेश रस्तोगी, रवि गुप्ता, दीपक गुप्ता ने पूजन-अर्चन किया।
बिलग्राम के सुभाष पार्क सहित छह स्थानों पर गणेश महोत्सव की धूम है। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती कर भोग प्रसाद अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की।
कछौना में श्री सोमेश्वर सेवादार समिति के श्रीगणेश महोत्सव में शुक्रवार रात बाल उत्सव हुआ। विधायक रामपाल वर्मा ने गणेश वंदना से शुभारंभ किया। नगर पंचायत अध्यक्ष राधा रमन शुक्ला, नेता राव मराठा आदि मौजूद रहे।
सांडीनगर के बाबा कमलेश्वर नाथ मंदिर सतमठिया में श्री सिद्धि विनायक सेवा समिति के श्रीगणेश महोत्सव में डिंपल गुप्ता ने सपत्नीक पूजन-अर्चन किया। कानपुर, लखनऊ, सीतापुर और शाहजहांपुर के कलाकारों ने झांकियों की प्रस्तुतियों से लोगों का मनमोहा। समिति के डॉ. पंकज त्रिवेदी, कपिल गुप्ता, डॉ. निरपेन विश्वास आदि मौजूद रहे।
पिहानीनगर में भारतीय इंटर कॉलेज के पास श्री सिद्धिविनायक सेवा समिति के गणेश महोत्सव में शाहजहांपुर के मोनी महाकाल ग्रुप ने झांकियां प्रस्तुत कीं। विशाल जागरण ग्रुप के गायक रुद्र व शिवांश पंडित ने भजनों की प्रस्तुतियां दीं। समिति के अभिषेक वैश्य रिशु आदि मौजूद रहे। मोहल्ला मिश्राना स्थित बाबा मंशानाथ मंदिर में गणपति को छप्पन भोग लगाया गया।