फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hardoi News: शहर की सबसे बड़ी 15 किमी. मुख्य सड़क के निर्माण में बाधा खत्म

Fri, 03 Jan 2025 11:06 PM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हरदोई
विज्ञापन
लखनऊ चुंगी के पास सड़क पर हुआ गड्ढा। - फोटो : लखनऊ चुंगी के पास सड़क पर हुआ गड्ढा।
विज्ञापन
- एनएचएआई ने पीडब्लूडी को वापस की पिहानी चुंगी से मन्नापुरवा तक की सड़क
विज्ञापन

- सोमवार को हस्तांतरण प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही सड़क का निर्माण भी शुरू हो जाएगा
फोटो- 17 अक्तूबर के अंक में प्रकाशित खबर।
- सांसद के तीखे तेवरों और डीएम की नाराजगी के बाद वापस मिली सड़क
- दो विभागों की खींचतान में अरसे से नहीं बन पा रही थी सड़क
आनंद मिश्रा

हरदोई। नए साल के तीसरे दिन ही न सिर्फ शहर बल्कि जिले भर के बाशिंदों के लिए राहत भरी खबर आई है। दो विभागों की खींचतान में दुर्दशा का सामना कर रही जिला मुख्यालय को लखनऊ और शाहजहांपुर से जोड़ने वाली शहर की सड़क की दशा में अब सुधार हो जाएगा।
सांसद के तीखे तेवरों और डीएम की नाराजगी के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने पिहानी चुंगी से नुमाइश चौराहा, सिनेमा चौराहा, लखनऊ चुंगी से लखनऊ रोड तक का 15 किलोमीटर सड़क का हिस्सा लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने को सहमति दे दी है। सोमवार को हस्तांतरण प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इसके साथ ही इस मार्ग का निर्माण भी शुरू हो जाएगा।
विज्ञापन

लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग के अंतर्गत हरदोई-जनपद का लगभग 102 किलोमीटर लंबा हिस्सा आता है। राष्ट्रीय राजमार्ग होने के कारण कुछ वर्ष पहले इसे लोक निर्माण विभाग ने एनएचएआई को हस्तांतरित कर दिया था। एनएचएआई बाईपास का निर्माण भी करा रहा है, लेकिन शहर में पिहानी चुंगी से लखनऊ चुंगी होते हुए मन्नापुरवा तक का लगभग 15 किलोमीटर लंबा हिस्सा जर्जर हो चुका है।
इस दुर्दशाग्रस्त मार्ग को लेकर अमर उजाला ने कई बार प्रमुखता से खबरें प्रकाशित की थीं और दो विभागों के बीच सड़क के फंस जाने का उल्लेख किया था। बीती 16 अक्तूबर को हुई दिशा की बैठक में सांसद जय प्रकाश ने तीखे तेवर दिखाते हुए पूंछा था कि जिला मुख्यालय तक आने वाला मार्ग इतना खराब है और जनता आखिर कब तक सफर में दर्द झेलेगी।
इसके जवाब में फिर दोनों विभागों के बीच सड़क फंसी होने की बात आई थी, लेकिन डीएम एमपी सिंह ने इसका निस्तारण जल्द से जल्द कराने का वादा किया था। सांसद के तेवरों के बाद डीएम एमपी सिंह ने इसको लेकर एनएचएआई के अधिकारियों से सख्ती से बातचीत की।
नतीजा यह हुआ कि सड़क का 15 किलोमीटर लंबा हिस्सा एनएचएआई ने लेनिवि के प्रांतीय खंड को सौंपे जाने की सहमति दे दी है। इससे संबंधित पत्र भी एनएचएआई ने डीएम मंगला प्रसाद सिंह और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को भेज दिया है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता आरके मौर्या ने बताया कि हस्तांतरण की प्रक्रिया सोमवार को पूरी कर ली जाएगी।

इनसेट
फोटो-23-डीएम एमपी सिंह। आर्काइव
डीएम बोले : मॉडल बनेगी हस्तांतरित की हुई सड़क
एनएचएआई से सड़क वापस मिलने पर गदगद नजर आए डीएम मंगला प्रसाद सिंह ने कहा कि यह सड़क अब मॉडल सड़क बनेगी। सड़क के निर्माण का कार्य जनवरी में ही शुरू करा दिया जाएगा। सड़क पर्याप्त चौड़ी है, लेकिन इसकी चौड़ाई कुछ और बढ़ाई जाएगी। पिहानी चुंगी से लखनऊ चुंगी तक स्थाई डिवाइडर बनेंगे। डिवाइडरों पर लाइटें भी लगवाई जाएंगी। मार्ग के किनारे से अतिक्रमण पूरी तरह हटाया जाएगा। उन्होंने अपील भी की कि अगर किसी का अतिक्रमण हो तो खुद ही हटा लें।
विज्ञापन


इनसेट
फोटो-22-जय प्रकाश। आर्काइव
बजट कम पड़े तो हम अपनी निधि से दे देंगे
सांसद जय प्रकाश ने एनएचएआई से सड़क वापस मिलने पर खुशी जताई। सांसद ने कहा कि डीएम से बात हुई है। शासन से बजट लेकर उक्त मार्ग की दशा सुधार का कार्य कराया जाएगा। शासन से मिला बजट अगर इसे मॉडल रोड बनाने में कम पड़ा ताे अपनी निधि से बजट दे देंगे। सांसद ने बताया कि डीएम को भी बता दिया है कि अगर बजट की जरूरत पड़े तो हम निधि देंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें