हरपालपुर (हरदोई)। हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी छात्रा से गांव के ही एक युवक ने बाजार में अश्लीलता की। विरोध करने पर छात्रा का मोबाइल फोन तोड़ दिया। छात्रा की मां ने शिकायत की तो पुलिस ने आरोपी का शांतिभंग में चालान कर एक मोबाइल फोन छात्रा के परिजनों को दिला दिया। आरोप है कि शुक्रवार सुबह आरोपी अपने भाई के साथ घर पर आकर छात्रा की शादी न होने देने की धमकी दी। इससे आहत होकर छात्रा ने फंदा लगा लिया। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में सीएचसी में भर्ती कराया है।
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती क्षेत्र के ही एक महाविद्यालय में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा है। 21 अगस्त को युवती अपनी बुआ के बेटे के साथ हरपालपुर कस्बे में बाजार करने के लिए गई थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही एक युवक ने छात्रा से अश्लीलता की। युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौज कर स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत मिला स्मार्टफोन भी तोड़ दिया। घर पहुंचकर छात्रा ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजनों ने हरपालपुर कोतवाली में मामले की शिकायत की। हरपालपुर पुलिस ने आरोपी को कोतवाली बुलवाया। उससे छात्रा को नया स्मार्टफोन दिलवा दिया और युवक का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया।
मां का आरोप है कि शुक्रवार की सुबह आरोपी युवक अपने भाई के साथ गाली-गलौज करता हुआ घर आ गया। छात्रा को धमकी भी दी कि तुम्हारी शादी नहीं होने देंगे। इससे आहत छात्रा ने घर के अंदर ही फंदा लगा लिया। परिजनों ने उसे फंदे पर लटकते देखा तो उतार कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर ले गए। यहां उसका इलाज किया जा रहा है। कोतवाल आनंद नारायण त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।