बांदा। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के बदौरा गांव में भद्रकाली मेला देखकर लौट रहे तीन दोस्तों की बाइक सामने से आए सवारियों से भरे टेंपो से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार तीनों युवक गंभीर घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे परिजन उन्हें निजी वाहन से जिला अस्पताल बांदा लाए। यहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया जबकि तीसरे को गंभीर हालत में कानपुर रेफर कर दिया। हादसे में टेंपो सवार करीब 15 यात्रियों को भी चोटें आईं।
छतरपुर जिले के खड्डी थाना क्षेत्र के सीलप गांव निवासी सुरेश पाल ने बताया कि उनका पुत्र आशीष पाल (17) मंगलवार दोपहर पड़ोसी मित्र प्रेमचंद्र पाल (18) और गौरिहार थाना क्षेत्र के गौरिहार गांव निवासी निर्मित (18) के साथ बदौरा गांव में भद्रकाली मेला देखने गया था। वहां से तीनों एक ही बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पलटा गांव के मोड़ पर सामने से सवारियों से भरा टेंपो आ गया। बाइक की रफ्तार तेज होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और दोनों वाहनों की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर से बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों ने हेलमेट नहीं लगाया था। उनके सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं।
राहगीरों की सूचना पर पहुंचे परिजन तीनों को जिला अस्पताल बांदा लाए। यहां डॉक्टर विनीत सचान ने आशीष और प्रेमचंद्र को मृत घोषित कर दिया। निर्मित को गंभीर हालत में कानपुर रेफर किया गया। टेंपो में करीब 15 सवारियां थीं। उन्हें भी चोटें आईं लेकिन मामूली चोट होने के कारण वे बांदा जिला अस्पताल नहीं पहुंचे। शहर कोतवाल प्रताप सिंह ने बताया कि जिला अस्पताल से मेमो के जरिये सूचना मिली है। हादसा मध्य प्रदेश में हुआ है। दोनों शवों को मोर्चरी में रखवाया गया है।
हेलमेट नहीं लगाए थे तीनों दोस्त, सिर और शरीर में आईं गंभीर चोटें
लोगों ने बताया कि सीलप गांव लौट रहे तीनों दोस्त तेज रफ्तार से बाइक चला रहे थे। पलटा गांव के मोड़ पर सामने से सवारियों से भरा टेंपो आ गया। अचानक सामने आए टेंपो से बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई। बाइक सवारों को संभलने का मौका नहीं मिला। जिला अस्पताल में तैनात डॉ. विनीत सचान ने बताया कि दोनों युवकों के शरीर में अंदरूनी चोटें थीं। आशीष के सिर में भी चोट आई थी। इन्हीं चोटों के कारण मौत होना प्रतीत हो रहा है। आशीष के पिता सुरेश पाल ने बताया कि तीनों आपस में अच्छे दोस्त थे। प्रेमचंद्र उनके पड़ोस में रहता था। गांव के रिश्ते से प्रेमचंद्र के पिता भइयाराम उनके भाई लगते थे।
एक ही स्कूल और कक्षा में पढ़ते थे दोनों, 12वीं के छात्र थे आशीष और प्रेमचंद्र
बांदा। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के खड्डी थाना क्षेत्र के सीलप गांव में हादसे की खबर पहुंचते ही कोहराम मच गया। दोनों मृतक एक ही स्कूल में 12वीं के छात्र थे। आशीष के पिता सुरेश पाल ने बताया कि वह दो भाइयों में बड़ा था। गौरिहार स्थित पीएमश्री हायर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ता था। पिता खेती करते हैं। बेटे की मौत से मां पानकुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं भइयाराम ने बताया कि प्रेमचंद्र तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह भी आशीष के साथ 12वीं में पढ़ता था। दोनों दोस्तों की एक साथ मौत से गांव में शोक है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
फोटो-11- मृतक आशीष पाल। फाइल फोटो।
फोटो-11- मृतक आशीष पाल। फाइल फोटो।