फोटाे-14-प्रभारी निरीक्षक सतीश चंद्र को ज्ञापन देते महासभा के पदाधिकारी और मृतक के परिजन। संवा
भरावन। बीती 27 नवंबर को शाहपुर में डीजे संचालक के पिता की हत्या का मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर है। हत्यारोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर वीरांगना ऊदादेवी पासी बहुजन संगठन महासभा के बैनर तले मृतक के परिजनों ने प्रदर्शन किया। आरोपी की गिरफ्तारी एक सप्ताह के अंदर करने की मांग को लेकर ज्ञापन प्रभारी निरीक्षक को सौंपा। एक सप्ताह में गिरफ्तारी न होने पर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किए जाने की चेतावनी दी।
शाहपुर में डीजे संचालक के पिता बरगदी निवासी पुत्ती लाल की हत्या एक वैवाहिक समारोह में कर दी गई थी। गोली मारकर हत्या किए जाने के आरोप में लखनऊ निवासी अखिलेश गौतम को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। उसका भाई आकाश गौतम घटना का मुख्य आरोपी है। पुलिस उसे अब तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। रविवार को महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आरके आदर्श ने बरगदी में प्रदर्शन के दौरान कहा कि पुत्तली लाल के परिजनों को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए। आकाश गौतम की गिरफ्तारी की जाए।
बच्चों की पढ़ाई और विवाह का प्रबंध सरकार करे। पत्नी को विधवा पेंशन दिलाई जाए। आरोपियों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त किए जाएं। प्रभारी निरीक्षक सतीश चंद्र को इस बारे में ज्ञापन भी दिया गया। उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित हैं। जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी।