सिनेमा चौराहे पर लखनऊ रोड की ओर वाहनों की लंबी कतार।
- फोटो : अमी उजाला
बिजली कटौती से परेशान व्यापारियों का धैर्य सोमवार को जवाब दे गया। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की अगुवाई में व्यापारी सड़क पर उतर आए । इन्होंने सिनेमा चौराहे पर जाम लगाकर नारेबाजी शुरू कर दी। मुख्य चौराहे पर जाम लगने से कुछ ही देर में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब आधे घंटे बाद अतिरिक्त मजिस्ट्रेट व्यापारियों के बीच पहुंचे । इन्होंने उच्चाधिकारियों तक बात पहुंचने का आश्वासन देकर प्रदर्शनकारियों को मनाया। व्यापारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा है।
बिजली कटौती से जिले का व्यापार प्रभावित हो रहा है। रात की कटौती से दुकानाें में चोरियां शुरू हो गई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के व्यापारियों की मानें तो कटौती से व्यापार बंदी की कगार पर आ गया है। बिजली कटौती से परेशान अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने सोमवार को सिनेमा चौराहे पर मानव श्रृंखला बनाकर जाम लगा दिया। जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह गौर ने कहा कि नगर में बिजली कटौती से जनमानस व व्यापारी त्रस्त हैं। 15 दिनों से अघोषित कटौती बदस्तूर जारी है।
रात्रिकालीन कटौती एक घंटे से लेकर चार घंटे तक हो रही है। चोरियां भी बढ़ गई हैं। महिलाओं के साथ चेन स्नेचिंग की वारदातों में इजाफा हो रहा है। उपाध्यक्ष शिव सेवक गुप्ता ने कहा कि कटौती से व्यापार करना बड़ी चुनौती बन गया है। सिनेमा चौराहे पर व्यापारियों ने जाम लगाकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट राम नारायन को सौंपा। व्यापारियों ने सात दिन में रात की बिजली कटौती को बंद कराए जाने की मांग की है। इस मौके पर सुरेंद्र रस्तोगी, धीरेश गुप्ता, सरोज गुप्ता, हरीशंकर राठौर, हरी प्रताप सिंह, अशोक गुप्ता, मनीष सिंह चौहान, प्रकाश सिन्हा आदि मौजूद रहे।