आरपीएफ चौकी इंचार्ज के साथ लावारिस मिली बालिका।
- फोटो : amarujala
संडीला। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर सहारनपुर पैसेेंजर में रविवार को आरपीएफ को संभल जिले की एक बालिका रोती हुई मिली। बालिका ने अपना नाम हादिया पुत्री मोहम्मद शफीक गांव पजायनाबख्श बताया है। चौकी इंचार्ज ने बताया कि सिविल पुलिस को सूचना देने के साथ ही बालिका के परिजनों का पता लगाया जा रहा है।
सुल्तानपुर जिले के कुदेभार निवासी कलावती दिल्ली से सद्भावन एक्सप्रेस से लौट रही थी। साथ में उसकी बेटी पूजा (17) भी थी। हरदोई रेलवे स्टेशन पर पूजा पानी लेने के लिए उतरी इसी बीच ट्रेन चल दी। कलावती के हंगामा करने पर गार्ड ने आउटर पर ट्रेन रुकवाकर उसे उतार दिया। स्टेशन पर जनता एक्सप्रेस खड़ी थी।
उसमें पूजा चढ़ गई। इसी बीच उसकी मां स्टेशन पहुंचे और स्टेशनमास्टर को जानकारी दी। साथ ही बेटी का हुलिया और कपड़ों का रंग भी बताया। स्टेशन मास्टर ने बालामऊ व संडीला स्टेशन पर सूचना दी। संडीला स्टेशन पर आरपीएफ चौकी इंचार्ज सर्वजीत यादव ने जनता एक्सप्रेस और उसके पीछे से आई सहारनपुर पैसेंजर में खोजबीन की।
जनता एक्सप्रेस में बैठी पूजा को उतार लिया। पीछे से आई दून एक्सप्रेस से कलावती संडीला स्टेशन पहुंची। बेटी को लेकर वह रवाना हो गई। इस दौरान पूजा को ढूंढते समय सहारनपुर पैसेंजर में 10 साल की बालिका रोती हुई मिली।
अपना नाम हादिया पुत्री मोहम्मद शफीक गांव पजायनाबख्श बताया जिला संभल बताया। बच्ची आरपीएफ चौकी इंचार्ज के पास है। उन्होंने कहा कि सिविल पुलिस को सूचना दे दी गई है। बालिका के परिजनों से संपर्क कर उन्हें जानकारी दी जाएगी।