जिले में बोर्ड परीक्षा में एक परीक्षा केंद्र पर
जहां चार मुन्नाभाई परीक्षा देते मिले, वहीं दो अन्य परीक्षा केंद्रों पर
दो परीक्षार्थी नकल करते मिले। मुन्नाभाइयों के विरुद्ध कोतवाली में
रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वही दो परीक्षार्थियों के विरुद्ध विभागीय
कार्रवाई की गई है।
बीएसए/परीक्षा प्रभारी डा. बृजेश मिश्र ने कालिका
प्रसाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ब्रम्हनान रसूलपुर में एक परीक्षार्थी को
नकल सामग्री के साथ पकड़ा। उन्होंने कुर्बान अली इंटर कालेज जैतनगर खजोहना,
स्व. मुन्नवर अब्बास इंटर कालेज पलहाराई, एबीएस उमावि मुर्साफाबाद, डा.
अंबेडकर विद्यालय बघौली चौराहा, स्मृति राजाराम उमावि तलौली का निरीक्षण
किया और नकलविहीन परीक्षा कराने के केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए।
परीक्षा के दौरान अपर शिक्षा निदेशक शैल यादव और डीडीआर लखनऊ उदयभान यादव
ने संडीला क्षेत्र के स्कूलों का निरीक्षण किया। उधर, सचल दल संख्या पांच
के प्रभारी वित्त एवं लेखाधिकारी संतोष मौर्या ने बैजनाथ इंटर कालेज बजेहरा
में एक परीक्षार्थी का नकल करते पकड़ा।
वहीं बिलग्राम तहसील में नारायण
पब्लिक स्कूल पबियानी में केंद्र व्यवस्थापक एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने
चार विद्यार्थियों को दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते पकड़ा। परीक्षा
केंद्र के कक्ष संख्या चार में छात्र बबलू के स्थान पर सीतापुर का छात्र
दिलीप, बबलू शाहू के स्थान पर जनपद शाहजहांपुर का मोहित, जाबिर अली के
स्थान पर उसका बड़ा भाई इरफान अली निवासी लखीमपुर खीरी और देवदत्त के स्थान
पर बिलग्राम के बिराईचमऊ का छात्र अभिषेक परीक्षा देते मिले।
दूसरे के
स्थान पर परीक्षा देते छात्रों को केंद्र व्यवस्थापक अनिल शर्मा ने पुलिस
को सूचना दी और पुलिस को सौंप दिया। उन्होंने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज
कराई है। जिले में अब तक 49 परीक्षार्थी नकल सामग्री के साथ पकड़े जा चुके
हैं।
उधर, डीएम रमेश मिश्र ने परीक्षा में नकल रोकने को लगाए गए दस
सेक्टर मजिस्ट्रेटों के कार्यक्षेत्र में परिवर्तन कर दिया है।
उन्होंने दस
सेक्टर मजिस्ट्रेट को हटाकर उनके स्थान पर दूसरे अफसरों को सेक्टर
मजिस्ट्रेट नियुक्ति किया है। जिले में नकल रोकने के लिए प्रशासन व विभाग
के प्रयास जारी है, पर इसके बाद भी जिले के कई क्षेत्रों में नकल माफिया
मनमानी करने में लगे हुए है।